बिसौली , बदायूं । आई लव मो. मामले के बाद नगर में जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए, मस्जिदों पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने नगर व क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया और धर्मगुरुओं के साथ बैठक की। आला अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने नगर के मुख्य मार्गों, बाजारों, धार्मिक स्थलों व भीड़ भाड़ वाले क्षेत्र में पुलिस बल के साथ मार्च किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं आमजन को आश्वस्त किया गया कि पुलिस प्रशासन पूर्णता सतर्क एवं मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अराजकता, अशांति अथवा असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पुलिस प्रशासन को सहयोग दें। इस दौरान बड़ी मस्जिद के इमाम मौलाना बिलाल साहब, मस्जिद बिलाल के इमाम हाफिज शादाब रज़ा उवैसी, बड़ी मस्जिद के सदर मुन्ने खां, हाजी रफीक खां, हाजी तस्लीम खान, सभासद बाबू फारूकी, इमरान सैफी, नकी अंसारी, जाकिर फारूकी, भूरे खां आदि मौजूद रहे।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

