लेखपाल पर रिश्वतखोरी और जातिसूचक गाली देने का आरोप, पीड़ित ने एसएसपी से की न्याय की गुहार
मुकीम अहमद अंसारी
बदायूं। जनपद बदायूं के थाना कादरचौक क्षेत्र के ग्राम नूरपुर निवासी लाल सिंह पुत्र वीर सहाय ने हल्का लेखपाल अकरम पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि उसने अपने बेटे के इलाज के लिए अपने खेत में लगे पॉपलर के पेड़ बेचे थे, लेकिन लेखपाल की मनमानी और रिश्वतखोरी के कारण उसका बेटा इलाज से वंचित रह गया।
पीड़ित लाल सिंह के अनुसार, खेत के पॉपलर पेड़ कटवाने के लिए लेखपाल अकरम ने 30 हजार रुपए की रिश्वत ली थी। इसके बाद भी जब काम में अड़चनें आने लगीं तो लेखपाल ने दोबारा 20 हजार रुपए की मांग करते हुए पीड़ित के घर पहुंच गए। जब लाल सिंह ने अतिरिक्त पैसे देने से इंकार किया तो लेखपाल ने जातिसूचक गालियां दीं और फर्जी मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देने लगे।
पीड़ित लाल सिंह जाटव समाज से हैं। उनका कहना है कि लेखपाल द्वारा इस प्रकार की जातिसूचक टिप्पणी करना न केवल अपमानजनक है बल्कि एससी/एसटी एक्ट के तहत दंडनीय अपराध भी है।
लाल सिंह ने इस मामले की शिकायत पहले थाना कादरचौक पुलिस से की, लेकिन कोई कार्यवाही न होने पर अब उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं को लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि लेखपाल की मनमानी और भ्रष्टाचार की शिकायतें क्षेत्र में पहले भी उठ चुकी हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर सख्त कदम न उठाए जाने से ऐसे मामलों में बढ़ोतरी हो रही है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी लेखपाल अकरम के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी गरीबों और दलितों के साथ अन्याय न कर सके।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

