पंचायत सचिवों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर सौंपा ज्ञापन

मुकीम अहमद अंसारी

दहगवां,बदायूं। ग्राम पंचायत स्तर पर क्षेत्रीय ग्राम सचिवों (ग्राम पंचायत अधिकारी/ग्राम विकास अधिकारी) के मूल विभागीय दायित्वों के अतिरिक्त बिना कोई संसाधन उपलब्ध कराये अन्य विभागों के कार्य कराने, अव्यवहारिक ऑनलाईन उपस्थिति प्रणाली लागू किये जाने सहित विभिन्न समस्याओं पर प्रभावी निर्णय लिये जाने के सम्बन्ध में शुक्रवार को विकास खण्ड दहगवां परिसर में दरी बिछाकर शान्तिपूर्वक धरना प्रदर्शन किया एवं मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन एडीओ आईएसबी संतोष कुमार को सौंपा।
इस मौके पर नवीन कुमार अपने साथियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज हम यहाँ किसी टकराव के लिए नहीं, बल्कि अपनी न्यायपूर्ण और लम्बे समय से लंबित माँगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के लिए एकत्र हुए हैं। हम सभी जानते हैं कि ग्राम पंचायत सचिव ग्रामीण विकास की रीढ़ माने जाते हैं। योजनाओं का क्रियान्वयन, रिकॉर्ड का संधारण, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की निगरानी की जिम्मेदारी सचिवों पर ही होती है। लेकिन दुख की बात है कि इतना महत्त्वपूर्ण कार्य करने के बावजूद भी हमारी सेवा शर्तें, वेतनमान, कार्यस्थल सुरक्षा, तथा पदोन्नति संबंधी नियम अभी तक स्पष्ट नहीं हैं और सरकार जबरदस्ती ऑनलाईन हाजिरी का नियम हम लोगों पर थोप रही है तथा निरन्तर गैर विभागीय कार्य का दबाव बना रही है, जो कि किसी भी स्थिति में स्वीकार्य योग्य नहीं है।
समस्त सचिवों द्वारा आह्वान किया गया कि मांग पूरी न होने पर समस्त सचिव आज सरकारी ग्रुप व्हाटस्अप पर छोड़ देगें तथा दिनांक 10.12.2025 से मोटर चलित वाहन से नहीं चलेगें तथा दिनांक 15.12.2025 को अपने डिजिटल हस्ताक्षर के डोंगल जमा कर देगें। इस मौके पर एडीओ पंचायत राजेश कुमार, विपिन कुमार, अशोक सक्सेना, अब्दुल मुजीब खान,सुरेंद्र राणा, प्रमोद शर्मा, दीपेंद्र कुमार, रविन्द्र कुमार,महिपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!