बिना डिग्री इलाज का आरोप! सहसवान के “नीलम हॉस्पिटल” पर स्वास्थ्य विभाग सख्त, MOIC ने जारी किया नोटिस

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान, बदायूं। नगर में बिना वैध डिग्री और पंजीकरण के चिकित्सा कार्य करने के आरोप में स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए नीलम हॉस्पिटल के संचालक को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहसवान के चिकित्सा प्रभारी (MOIC) की ओर से जारी किया गया है, जिससे क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बन गया है।
जारी नोटिस के अनुसार 4 नम्बर चौराहा स्थित नीलम हॉस्पिटल के संचालक अशोक कुमार पुत्र हरप्रसाद के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई थी कि वह बिना किसी अधिकृत चिकित्सा डिग्री और वैध पंजीकरण के चिकित्सा कार्य कर रहे हैं। शिकायत के संज्ञान में आने के बाद MOIC सीएचसी सहसवान ने नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
नोटिस में कहा गया है कि बिना वैध डिग्री और पंजीकरण के चिकित्सा कार्य करना यूनाइटेड प्रोविन्स मेडिकल एक्ट 1939 तथा इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट 1956 की धाराओं का उल्लंघन है। ऐसे में संचालक को निर्देश दिए गए हैं कि नोटिस प्राप्त होने के दो दिन के भीतर अपने सभी चिकित्सा प्रमाण पत्र, डिग्री, राज्य चिकित्सा पंजीकरण बोर्ड के प्रमाण पत्र और संबंधित दस्तावेजों की चार-चार प्रमाणित प्रतियां मूल प्रतियों के साथ सीएचसी सहसवान कार्यालय में प्रस्तुत करें।
स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस में चेतावनी दी है कि यदि 15 मार्च 2026 तक मांगे गए दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते या संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया जाता तो यह माना जाएगा कि वह जानबूझकर शासन के नियमों के विरुद्ध अनधिकृत रूप से चिकित्सा व्यवसाय कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित संचालक की होगी।
बताया गया है कि यह कार्रवाई आईजीआरएस शिकायत संख्या 40014926007975 के आधार पर की गई है। मामले की सूचना थाना सहसवान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी बदायूं को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चल रहे कथित झोलाछाप क्लीनिकों और अवैध अस्पतालों में भी हलचल मच गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह सख्ती जारी रही तो अवैध रूप से इलाज करने वालों पर लगाम लगेगी और मरीजों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!