बदायूँ। ज़िले के थाना मुजरिया पुलिस ने सड़क किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि उसके तीन साथी अभी फरार हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कैन्टर गाड़ी सहित डीजल चोरी करने के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 14/15 मार्च 2026 की रात ग्राम नंगला भिण्ड के पास बने यात्री शेड के पास से खालिद पुत्र अलाउद्दीन निवासी ग्राम शेखपुर खिचरा थाना धौलाना जनपद हापुड़ को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से कैन्टर गाड़ी नंबर UP23AT6860 (सीएनजी), 500-500 लीटर के दो प्लास्टिक टैंक, 200 लीटर का एक प्लास्टिक ड्रम (जिसमें करीब 50 लीटर डीजल), तीन प्लास्टिक पाइप, एक बड़ा पेचकस और तीन प्लास्टिक की बाल्टियां बरामद हुईं।
बताया जाता है कि 13 मार्च 2026 को बृजेश पुत्र जियलाल निवासी ग्राम जलालपुर थाना भोजीपुरा जनपद बरेली ने थाना मुजरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके ट्रक UP82P9783 की टंकी का लॉक तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया। इस संबंध में थाना मुजरिया में मु0अ0सं0 28/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान इस गिरोह के चार सदस्यों के नाम सामने आए जिनमें खालिद अनवार वसीम और शहजाद शामिल हैं। पुलिस ने इनमें से खालिद को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य आरोपियों की पुलिस द्वारा तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

