(दोहरा हत्याकांड मामला) बदायूं पहुंची एसआईटी, प्लांट में घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षाकर्मियों से की पूछताछ
मुकीम अहमद अंसारी
बदायूं। एचपीसीएल डबल मर्डर केस की जांच के लिए शासन की ओर से गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) सोमवार शाम बदायूं पहुंचा। मंडलायुक्त की अध्यक्षता में पहुंची टीम ने शाम पांच बजे सैंजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट का दौरा कर घटनास्थल का मुआयना किया और वहां मौजूद कर्मचारियों व सुरक्षाकर्मियों के बयान दर्ज किए।
टीम ने घटना से संबंधित रिकॉर्ड देखा और अधिकारियों से अब तक की कार्रवाई को लेकर पूछताछ की। इस टीम की रिपोर्ट के आधार पर ही घटनाक्रम में दोषी अन्य जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। मूसाझाग थाना क्षेत्र के अंतर्गत सैंजनी में बने इस प्लांट में उप महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता व सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा की 12 मार्च को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी प्लांट कर्मचारी अजय प्रताप सिंह खुद ही थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया था।
*शासन स्तर से गठित की गई है एसआईटी:-* घटना की जांच के लिए शासन स्तर से तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। इसमें बरेली मंडल के आयुक्त भूपेंद्र एस चौधरी, डीआईजी अजय कुमार साहनी व लखनऊ से अपर आयुक्त (खाद्य) कामता प्रसाद शामिल हैं। तीनों ही अधिकारियों ने प्लांट का निरीक्षण किया। स्थानीय कर्मचारियों से घटना के बारे में जानकारी ली।साथ ही सिक्योरिटी गार्डों से भी बात की गई।उस दिन गेट पर तैनात रहे गार्डों से मूसाझाग थाने में पूछताछ भी की गई।मौके पर जिला पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।इनसे भी अब तक की गई कार्रवाई का ब्योरा लिया गया।इसके साथ ही आगे की कार्रवाई को लेकर भी निर्देश दिए गए।
*एसआईटी ने इन बिंदुओं पर मांगा ब्योरा:-* एसआईटी ने मामले से संबंधित एफआईआर, आरोपी की दुकानों को गिराने से पहले जारी किए गए नोटिस, पीडब्ल्यूडी की पैमाइश रिपोर्ट और आरोपी की मेडिकोलीगल रिपोर्ट भी तलब की है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

