बदायूं-बिजनौर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: छोटा हाथी की टक्कर से बाइक सवार दंपति समेत चार घायल

मुकीम अहमद अंसारी

उघैती, बदायूं। उघैती थाना क्षेत्र के अंतर्गत बदायूं-बिजनौर हाईवे पर स्थित चाचीपुर गांव के समीप एक अनियंत्रित ‘छोटा हाथी’ (मालवाहक वाहन) ने बाइक सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
शादी समारोह में जा रहा था परिवार
प्राप्त विवरण के अनुसार,ग्राम अफजलपुर बुधौती निवासी एक व्यक्ति अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी मौसेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए सैफपुर गांव जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक चाचीपुर गांव के पास पहुंची,पीछे से आ रहे तेज रफ्तार छोटा हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर एकत्र हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और उघैती थाना प्रभारी ऋषिपाल सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सड़क से हटाया और एंबुलेंस बुलाकर उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रुदायन में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
वाहन कब्जे में, जांच शुरू
थाना प्रभारी ऋषिपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना करने वाले छोटा हाथी को कब्जे में ले लिया है।पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। हाईवे पर कुछ समय के लिए बाधित हुए यातायात को भी पुलिस ने सुचारू रूप से संचालित कराया।

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!