बाराबंकी क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहा खनन का कारोबार, एक थाने की रॉयल्टी पर दूसरे थाना क्षेत्र में हो रहा मिट्टी खनन का कारोबार
अवधेश कुमार वर्मा संवाददाता बाराबंकी
त्रिवेदीगंज/बाराबंकी। जनपद बाराबंकी में अवैध खनन का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है। ताजा मामला थाना लोनीकटरा क्षेत्र के ग्राम छन्द्रौली का सामने आया है, जहां अन्य थाना क्षेत्र से खनन माफियाओं द्वारा खुलेआम मिट्टी खनन कर परिवहन किए जाने की चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक थाना क्षेत्र की रॉयल्टी करवाकर दूसरे थाना क्षेत्र में मिट्टी का कारोबार और परिवहन किया जा रहा है, जिससे शासन के नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार दिन-रात जेसीबी मशीनों से मिट्टी की खुदाई कर डंफरों के माध्यम से मिट्टी ढोई जा रही है। आरोप है कि खनन माफिया प्रशासनिक नियमों को ताक पर रखकर अपने कारोबार को अंजाम दे रहे हैं। इससे जहां सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं गांव की सड़कों की हालत भी खराब होती जा रही है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि खनन कार्य को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी मामले से अनजान बने हुए हैं, जिसके चलते खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी बाराबंकी से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में अवैध खनन का कारोबार और तेजी से फैल सकता है।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और खनन विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और अवैध खनन पर कब तक रोक लगा पाती है। वही इस मामले में थाना अध्यक्ष अभिमल्यु मल्ल से संपर्क किया गया तो सीयूजी नंबर पर चौकी इंचार्ज विपिन सिंह से बात हुई उन्होंने बताया कि इसकी पूर्ण जानकारी मुझे नहीं है ।

