सहसवान पुलिस की बड़ी कामयाबी:  तीन थानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर चोर दबोचे, नकदी और जेवरात बरामद

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान, बदायूं। थाना पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय चोरों के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए चोरी की कई बड़ी घटनाओं का सफल खुलासा किया है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है।

पुलिस द्वारा बरामद किए गए माल में तीन जोड़ी चांदी की पायल, दो हथफूल, छह सफेद धातु के प्राचीन सिक्के और दो हजार रुपये की नकदी शामिल है।

थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान मुनेन्द्र पुत्र इन्द्रपाल निवासी ग्राम गवरा फिरोजपुर (थाना इस्लामनगर) और मुन्ना पुत्र मकसूद निवासी ग्राम चदोई (थाना इस्लामनगर) के रूप में हुई है। पुलिस कस्टडी में हुई कड़ाई से पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सहसवान के अलावा आसपास के थाना इस्लामनगर और उघैती क्षेत्रों में भी चोरी की कई वारदातें करने की बात स्वीकार की है।

पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि उन्होंने कुछ समय पहले गांव अमनपुर में एक सूने घर का ताला चटकाकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इसके अलावा इस्लामनगर क्षेत्र में लगे एक सोलर प्लांट से कीमती स्टार्टर भी पार किया था। आरोपियों ने बताया कि वे चोरी का ज्यादातर सामान राह चलते अंजान लोगों को औने-पौने दामों में बेच देते थे और उससे मिलने वाले रुपयों को आपस में बांटकर अपनी ऐश-ओ-आराम पर खर्च कर देते थे।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़े गए दोनों ही अभियुक्तों का एक लंबा आपराधिक इतिहास है और वे पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं। सहसवान पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर दोनों को मिचौना की मंढैया के पास जाने वाले कच्चे रास्ते से उस समय दबोचा, जब वे किसी नई वारदात को अंजाम देने या माल ठिकाने लगाने की फिराक में थे।

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक (SI) रोहित सिंह के साथ थाना सहसवान पुलिस के मुख्य आरक्षी और आरक्षी शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

 

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!