अवैध ‘नवजीवन अस्पताल’ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई; बिना पंजीकरण संचालन पर संचालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान, बदायूँ । शनिवार को जिला स्तर पर भगवान दास द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत के निस्तारण हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) बदायूँ के आदेशानुसार शनिवार को एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई।

नायब तहसीलदार मोहित कुमार एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत त्यागी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने अकबराबाद चौराहा स्थित ‘नवजीवन अस्पताल’ का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल का कोई वैध पंजीकरण न पाए जाने पर इसके संचालक दुष्यंत कुमार (पुत्र बिशनपाल सिंह, निवासी जनपद संभल) के विरुद्ध राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कोतवाली सहसवान में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करा दी गई है।
पंजीकरण न होने की दशा में जब संयुक्त टीम प्रतिष्ठान को सील करने पहुँची, तो संचालक अस्पताल में ताला लगाकर फरार हो गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत त्यागी ने बताया कि पुलिस को सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। जैसे ही इस अवैध अस्पताल के खुलने की गोपनीय अथवा प्रत्यक्ष सूचना मिलेगी, संयुक्त टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर इसे सील कर दिया जाएगा।
इस विधिक कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार मोहित कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत त्यागी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम से अशफाक अली, कृष्ण वल्लभ चतुर्वेदी, देश दीपक शंखधार एवं सलीम आदि स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
चिकित्सा अधीक्षक प्रशांत त्यागी ने कहा सहसवान तहसील क्षेत्र में कहीं भी अवैध रूप से चल रहे फर्जी अस्पताल की शिकायत मिलती है तो स्वास्थ्य विभाग टीम ऐसे अस्पताल को सील करने का काम करेगा और उस पर कठोर कार्रवाई भी की जाएगी।
जिला स्तर से प्राप्त शिकायत के आधार पर शनिवार को संयुक्त टीम अवैध ‘नवजीवन अस्पताल’ को सील करने पहुँची थी, लेकिन संचालक ताला लगाकर फरार हो गया। संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अस्पताल के दोबारा खुलते ही इसे तत्काल मौके पर सील कर दिया जाएगा।”
— चिकित्सा अधीक्षक, सीएचसी सहसवान
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

