सोने-चांदी के जेवर और बकरियां लूटने का आरोप, महिलाओं से मारपीट और जान से मारने की धमकी

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान, बदायूं। सहसवान क्षेत्र के ग्राम जौनेरा में रविवार सुबह लूट की घटना सामने आई है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि रास्ते में रोककर उसके बैग में रखे सोने-चांदी के जेवर और बकरियां छीन ली गईं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

 

थाना सहसवान में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम बाजपुर निवासी जैतून पत्नी इंतजार अपनी बेटी मंताशा के साथ सुबह करीब 10 बजे कहीं जा रही थीं। उनके पास एक बैग था जिसमें 2 मंगलसूत्र, 1 टीका, 1 जोड़ी कुंडल, 2 हाथफूल, 2 जोड़ी तोड़ियां, करीब 250 ग्राम का तोड़ा, 1 फूल कली, हाथ-पैरों के छल्ले और 2 जोड़ी सोने के दस्ताने समेत अन्य जेवर रखे थे।

 

आरोप है कि इसी दौरान ग्राम जौनेरा निवासी इसराक के पुत्र इसरार, इसरत और निसरत ने उन्हें रोककर बैग छीन लिया और उसमें रखे सभी जेवर लूट लिए। प्रार्थी का कहना है कि मौके पर मौजूद मस्जिद के इमाम रहमत हाफिज ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने।

 

महिला का आरोप है कि आरोपियों ने इसके बाद प्रार्थी के बेटे की बकरियां भी छीन लीं। जब लूटे गए सामान को वापस मांगा गया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी दी।

 

पीड़ित महिला ने थाना प्रभारी सहसवान से मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, लूटे गए सामान की बरामदगी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

 

फिलहाल पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।

 

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!