बिसौली,बदायूं। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग “भारत सरकार” के पूर्व प्रदेश कोऑर्डिनेटर सतीश प्रेमी की अगुआई में एक प्रतिनिधिमंडल गाँव सीकरी के पीड़ित परिवारों से मिलने गांव पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल के मुताबिक बिसौली विधानसभा क्षेत्र के थाना फैजगंज बेहटा अंतर्गत ग्राम सीकरी में जहां संविधान निर्माता परम पूज्य बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा को लेकर हुए प्रकरण में पुलिस प्रशासन द्वारा निर्दोष ग्रामीणों, बुजुर्ग, महिलाओं पर पुलिस बर्बरता, जुल्मजायस्ती की वास्तविक स्थिति को जाना व पुलिस बर्बरता के शिकार घायलों से उनकी व्यथा को सुना व घरों में नाजायज़ की गई तोड़फोड़, नुकसान को देखा। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सपा पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक उनकी आवाज उठाती रहेगी। श्री प्रेमी ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। सतीश प्रेमी ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने पहले से सतर्कता दिखाई होती और 7/8 घंटे का पर्याप्त समय मिलने के बावजूद भी निस्तारण न कर पाना, सूचनातंत्र की लापरवाही घटना के लिए जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग दोषी हो सकते है उनके खिलाफ कार्यवाही करनी चाहिए थी। लेकिन सीकरी गांवों में पुलिस की क्रूरता ने निर्दोष महिलाओं, खाना बनाती बच्चियों को भी नहीं छोड़ा उनके साथ गंभीर मारपीट की गई, घरों में व्यापक तोड़फोड़ की गई। श्री प्रेमी ने कहा कि पुलिस ने निर्दोष लोगों को भी जेल भेजा है उनके विरुद्ध कार्रवाई की है। उन्होंने मांग की कि संपूर्ण घटना की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। निर्दोष लोगों के विरुद्ध पुलिस द्वारा उत्पीड़न बंद हो, वही दोषी पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। श्री प्रेमी ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित लोगों की व घटना रिपोर्ट राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग “भारत सरकार” को भेज कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन सामंजस्य स्थापित करके जगह चिन्हित करने के बाद संविधान निर्माता परमपूज्य बाबा साहब की प्रतिमा भी स्थापित करने का कार्य करे। सतीश प्रेमी के साथ वीरेंद्र कुमार जाटव जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी बाबा साहब वाहिनी, भूपेंद्र दिवाकर जिला पंचायत सदस्य एवं जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ, अंटू सिंह सागर विधानसभा अध्यक्ष बाबा साहब वाहिनी, विकास यादव, रविंद्र यादव, यशवीर यादव, कपिलदेव, कुलदीप सिंह, शाकिर हुसैन आदि मौजूद रहे।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

