किसान आंदोलन का आज 25वां दिन, प्रदर्शन में जान गंवाने वाले लोगों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
संपादक मोहिनी शर्मा एडवोकेट एसएम न्युज24 टाइम्स
नई दिल्ली: गिरते पारे और कोरोना के खतरे के बीच किसानों के आंदोलन का आज 25वां दिन है। लेकिन नए कृषि कानूनों के खिलाफ जारी गतिरोध का फिलहाल कोई हल होता नहीं दिख रहा है। किसानों और सरकार के बीच लगातार गतिरोध बरकरार है। ना किसान हट नहीं रहे और न ही सरकार झुक रही है। नए कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर बड़ी तादाद में किसान 26 नवंबर से दिल्ली के अलग-अलग बॉर्डर पर डटे हैं। किसान सिंधु, टिकरी, पलवल, गाजीपुर सहित कई नाकों पर डटे हैं।
इन सबके बीच प्रदर्शनकारी किसान आज शहीदी दिवस मनाएंगे। आज किसान इस आंदोलन के दौरान किसी ना किसी वजह से जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देंगे। आपको बता दें कि किसान संगठनों ने अभी तक के आंदोलन के दौरान शहीद होने वाले किसानों को शहीदों का दर्जा दे दिया है। जिनको श्रद्धांजलि देने के लिए अब दिल्ली के बॉर्डर समेत पंजाब भर में उनके लिए श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित किए जाने का फैसला किया है। सभी किसान संगठनों के पदाधिकारी अपने अपने गांवों में आज श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे। इसमें सभी किसान संगठनों के सदस्यों के अलावा ग्राम पंचायत, नंबदार, सामाजिक संगठनों की भी विशेष भागीदारी होगी। श्रद्धांजलि सभा 11 बजे से शुरू होगी।
तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान यूनियनों ने कहा कि वे अपना अगला कदम अगले दो तीन दिनों में तय करेंगे।

