जनपद में 670 बीडीसी सदस्य व 345 प्रधानी के पर्चे और बिके जबकि जिला पंचायत के 84
एटा: जनपद में 670 बीडीसी सदस्य व 345 प्रधानी के पर्चे और बिके, जबकि जिला पंचायत सदस्य के 84 पर्चों की भी बिक्री हुई। वहीं दूसरी तरफ एटा शहर में स्टेट बैंक पर चालान जमा करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने काफी मशक्कत की।
नामांकन पत्रों की बिक्री इन दिनों खूब हो रही है। सोमवार को ज्यादा भीड़ चालान जमा करने वालों की रही। सात अप्रैल से पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशियों द्वारा भारतीय स्टेट बैंक शाखा में चालान जमा कराने के लिए प्रयास शुरू किए हैं। स्थिति यह थी कि बैंक खुलने से पहले ही लोगों की खासी भीड़ चालान जमा करने के लिए मौजूद थी। बैंक द्वारा चालान जमा करने के लिए दो काउंटर बनाने के बावजूद भी भीड़ कम न रही और हाल यह था कि बैंक से कचहरी रोड पर दोहरी कतारों और वाहनों के चलते कुछ ही देर में जाम लगना शुरू हो गया। दोपहर में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह पहुंचे तो हालात देखकर उन्होंने नाराजगी जताई तथा मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी राजकुमार सिंह तथा कोतवाली प्रभारी सुभाष कठेरिया सहित अन्य पुलिस बल बुला लिया। इसके बाद पुलिस अधिकारी व्यवस्था दुरुस्त कराने में जुट गए। सैकड़ों की तादात में मौजूद भीड़ को लाइनों में व्यवस्थित कराते हुए पुलिस अधिकारियों ने जाम खुलवाने के प्रयास किए तथा कचहरी रोड के किनारे लगे बोर्ड तथा ठेले हटवा दिया। यही नहीं अनाधिकृत रूप से लगे होर्डिंग भी हटवाए गए। मंगलवार से बैंक पर अतिरिक्त पुलिस बल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए लगाया जाएगा। उधर अलीगंज, जैथरा, अवागढ़, जलेसर स्थित बैंक शाखाओं में भी चालान जमा करने को भीड़ जुट रही है। आनलाइन भी जमा हो सकेगा चालान:
चालान जमा करने को बैंकों पर लग रही भीड़ के मध्य प्रशासन ने प्रत्याशियों को आनलाइन राजकोष डाट यूपी डाट एनआइसी डाट इन वेबसाइट पर आसानी से फीस जमा करने की बात कही है। अब नहीं अदेय प्रमाणपत्र की जरूरत:
शासन के निर्देशों के क्रम में प्रत्याशियों से नामांकन के समय उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक शाखाओं तथा जिला सहकारी बैंक की शाखाओं द्वारा वित्त पोषित सहकारी समितियों से नोड्यूल्स लिए जाने संबंधी पूर्व आदेश को अब निरस्त कर दिया गया है। संबंधित नोड्यूज के साथ प्रत्याशी आवेदन कर सकेंगे।

