जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट्स को उनके क्षेत्रों में पंचायत चुनाव की तैयारियां समय से सुनिश्चित कराने के दिए निर्देश
रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500
गोण्डा जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी(पं0) मार्कण्डेय शाही ने त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन, 2021 को निष्पक्ष, पारदर्शी, सकुशल एवं शांतिपूर्ण व स्वतंत्र रूप से कराये जाने हेतु समस्त जोनल,सेक्टर मजिस्ट्रेट्स को जनपद में शांति व्यवस्था बनाये रखने, मतदान प्रक्रिया को सम्पन्न कराये जाने के लिये राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त दिशा निर्देशों का अक्षरशः सभी अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने समस्त जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों, मतदेय स्थलों का कम से कम तीन बार भ्रमण करके मतदान स्थलों की स्थिति, मूलभूत सुविधाएं यथा-रैम्प, पेयजल, शौंचालय, छाया, फर्नीचर व विद्युत इत्यादि व संवेदनशीलता आदि के बारे में स्थानीय स्तर पर पूछताछ करके जानकारी प्राप्त कर लें। उन्होंने सभी जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देशित करते हुए यह भी कहा कि सभी मतदान केन्द्रों, मतदान स्थलों तक चार पहिया वाहन से पहँुचने के लिये रास्ता है या नहीं, उसकी भी जानकारी प्राप्त कर अबिलम्ब सूचित करें। उन्होंने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि कहीं किसी विशेष प्रबन्ध की आवश्यकता है, तो जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी(पं0) को निरीक्षण संस्तुति, आख्या अबिलम्ब प्रस्तुत करें, जिससे उसका निराकरण अतिशीघ्र कराया जा सके।
इसके अतिरिक्त समस्त जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया गया कि वे सब अपने-अपने सेक्टर, जोन में मतदान केन्द्रों, मतदेय स्थलों का भ्रमण कर यह सुनिश्चित कर लें कि मतदान केन्द्रों, स्थलों पर बूथ संख्या कितनी है और मतदान स्थलों पर कमरे कितने बने हैं, जिससे मतदान प्रक्रिया में कोई असुविधा न होने पाये। इसकी भी सूचना अविलम्ब जिला मजिस्ट्रेट, जिला निर्वाचन अधिकारी (पं0) को निरीक्षण संस्तुति, आख्या सहित उपलब्ध करायें। उन्होंने कहा कि जनपद में दण्ड प्रक्रिया संहिता धारा-144 लागू है, जिसका अनुपालन भी सुनिश्चित किये जायें। उन्होंने कहा कि अपने सम्बन्धित जोन, सेक्टर में शांतिपूर्ण, स्वतंत्र तथा निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराने में आपका योगदान अत्यन्त महत्वपूर्ण है इसलिए अपने-अपने जोन, सेक्टर से सम्बन्धित विकास खण्ड के पीठासीन अधिकारियों के मतदान प्रक्रिया सम्बन्धित प्रशिक्षण, पूर्वाभ्यास के लिये नियत तिथि, स्थल व समय पर उपस्थित होकर पूरी मतदान प्रक्रिया को समझ लें और अपने से सम्बन्धित मतदान अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों से परिचय भी कर लें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन, 2021 मतदान प्रक्रिया से सम्बन्धित सूचनाएं समय से उपलब्ध कराएं तथा क्षेत्र में अवांछित तत्वों पर पैनी नजर रखते हुए विधिक कार्यवाही स्वयं भी करें तथा कराना सुनिश्चित कराएं।
रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500

