बसपा ही स्थापित कर सकती है कानून का राज: डा0 विवेक सिंह वर्मा

Abdul Mueed

 

बसपा प्रत्याशी की सक्रियता से विपक्षी दलों में हलचल

बाराबंकी। प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, सरकारी अधिकारी व कर्मचारियों की रिश्वत लेते हुए कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, वहीं पुलिस बेकसूर नागरिकों की हत्या कर रही है लेकिन सरकार की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है जिससे दिन प्रतिदिन प्रदेश की कानून व्यवस्था चौपट होती जा रही है। उक्त विचार बहुजन समाज पार्टी के युवा प्रत्याशी डा0 विवेक सिंह वर्मा ने व्यक्त किये।
श्री वर्मा ने आगे बताया कि एक तरफ जनता महंगाई से परेशान हैं वही सरकारी अधिकारी व कर्मचारी जनता को लूटने में व्यस्त है। रिश्वत लेते हुए कई वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल हो रही है। सरकारी कर्मचारी जनता की सेवा करने के बजाए जनता को लूटने में व्यस्त हैं। भाजपा सरकार झूठ ‘‘बहुत ही महंगाई की मार……..’’ बोलकर सत्ता में आई है और अब इनका झूठ आम आदमी जान चुका है। प्रदेश की जनता 2022 में बहुजन समाज पार्टी की सरकार प्रदेश में चाहती है। पार्टी का हर कार्यकर्ता बहुजन समाज पार्टी का सच्चा सिपाही है, बहुजन के लोग इस बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार नहीं बनने देंगे। डीजल के साथ-साथ खाद्य तेलों के दाम लगातार आसमान छू रहे हैं किन्तु सरकार को आम जनता की चिंता नहीं है। डीजल के दाम बढ़ने से सभी चीजों पर अप्रत्यक्ष रूप से असर पड़ रहा है। वहीं खाद्य तेलों के दाम बढ़ने से गरीब परिवार की कमर टूट रही है। खाने की सभी वस्तुओं में लगातार वृद्धि हो रही है, आम आदमी पेट भर खाना भी नहीं खा पा रहा है। इस बार सभी मतदाता एकजुट होकर भाजपा सरकार को जड़ से उखाड़ फेंके नहीं तो यह सरकार ‘‘हर हर कटोरा, घर-घर कटोरा’’ पहुंचा देगी।
मालूम हो कि बाराबंकी सदर विधान सभा सीट से ख्याति प्राप्त नेत्र चिकित्सक डा0 विवेक सिंह वर्मा जब से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी घोषित हुए है तब से लगातार गांव-गांव जाकर आम आदमी से जुड़ रहे हैं। वहीं बसपा प्रत्याशी की सक्रियता से अन्य विपक्षी दलों में बेचैनी दौड़ रही है। प्रदेश की जनता परिवर्तन की आस में बसपा सरकार का इंतजार कर रही है।

Don`t copy text!