बाइक सवार युवकों के पास बोरे में भरी थीं नोटों की गड्डियां,कैश देखकर पुलिस भी चकराई, बुलानी पड़ी आयकर टीम
एसएम न्यूज़24टाइम्स नेटवर्क उत्तर प्रदेश भारत 9889789714
उत्तरप् रदेश के आगरा में सुल्तानगंज की पुलिया के पास बुधवार को ट्रैफिक पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को रोका। पीछे बैठा युवक बोरा पकड़े हुआ था.पुलिस ने पूछा बोरे में क्या है। युवक ने जवाब नहीं दिया. पुलिस ने बोरा खोला तो उसमें नोटों की गड्डियां भरी थीं। यह देख थाना पुलिस को सूचना दी गई। कैश कमला नगर के तेल कारोबारी का बताया जा रहा है। थाना पुलिस ने जांच के लिए आयकर विभाग की टीम को बुला लिया था। घटना दोपहर करीब एक बजे की है। इंस्पेक्टर कमला नगर उत्तम चंद पटेल ने बताया कि सुल्तानगंज पुलिया के पास ट्रैफिक पुलिस ने बाइक सवारों को रोका था। बोरे में कैश निकलने पर थाना पुलिस को सूचना दी गई. थाना पुलिस दोनों युवकों और कैश को थाने लेकर आई। युवकों ने अपने नाम गनी खां और निजामउद्दीन बताए। दोनों खेरागढ़ के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि वे दोनों बसंत विहार, कमला नगर निवासी दिनेश चंद गर्ग के यहां कर्मचारी हैं। उनके मालिक तेल कारोबारी हैं। यह रकम उन्होंने बैंक से निकाली थी। रास्ते में लूट का भय रहता है। इसलिए रकम बोरे में रखकर ले जा रहे थे ताकि किसी को शक नहीं हो। उनकी फर्म ट्रांसपोर्ट नगर में है। उन्हें कैश लेकर फर्म पर जाना था। इंस्पेक्टर उत्तम चंद पटेल ने बताया कि 40.50 लाख रुपये मिले थे। आयकर विभाग को सूचना दी गई थी। आयकर विभाग की टीम ही प्रमाण देखने के बाद बताएगी कि कैश का क्या करना है।
कारोबारी बोले, परेशान किया जा रहा है
तेल व्यापारी दिनेश चंद गर्ग कैश पकड़े जाने की सूचना पर कमला नगर थाने आ गए थे। उन्होंने बताया कि कैश सुबह कमला नगर स्थित एचडीएफसी बैंक से निकाला था। उनके पास इस बात के प्रमाण हैं। कैश दो कर्मचारी लेकर फर्म पर जा रहे थे। दोपहर से वह यह जानकारी दे रहे हैं।फिर भी न तो कर्मचारियों को छोड़ा गया है और न हीं कैश। बैंक से तो नंबर एक का ही कैश निकाला जाएगा।

