यूपीटीईटी 2021 फिर से कराने की तैयारियां शुरू, नए सिरे से जारी होंगे प्रवेशपत्र

प्रश्नपत्र लीक हो जाने से रद की गई उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) 2021 अब नए परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) सचिव को करानी है। ऐसे में वह अपने स्तर से तैयारियों को परखकर अंतिम रूप देंगे। परीक्षा तिथि शासन और बेसिक शिक्षा मंत्री से विमर्श के बाद तय होगी, लेकिन परीक्षा कराए जाने को लेकर तैयारियां पीएनपी में शुरू कर दी गई हैं। खासतौर पर परीक्षा केंद्रों की समीक्षा किए जाने की तैयारी है। यूपीटीईटी के लिए परीक्षा केंद्रों में बड़े स्तर पर बदलाव किए जाने की चर्चा है। प्रश्नपत्र तैयार कराने के साथ प्रश्नपत्र छपवाने के लिए प्रिंटिंग एजेंसी का नए सिरे से चयन किया जाना है। इस पूरी प्रक्रिया के चलते दिसंबर में परीक्षा हो पाना कठिन है।यूपीटीईटी 2021 को निष्पक्ष कराना नए सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी के लिए बड़ी चुनौती है। नए सिरे से प्रश्नपत्र तैयार कराने के साथ उसे छपवाने के लिए प्रिंटिंग एजेंसी फाइनल करना प्रमुख कार्य है। प्रमुख कार्य इसलिए, क्योंकि 28 नवंबर को होने वाली यूपीटीईटी का प्रश्नपत्र प्रिंटिंग एजेंसी से ही लीक होने की बात अब तक सामने आई है। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के भी पुख्ता प्रबंध करने होंगे। ऐसे में परीक्षा केंद्रों का नए सिरे से निर्धारण भी संभव है। इसमें वित्तविहीन विद्यालयों को केंद्र बनना मुश्किल है। जिला मुख्यालय से दूर के विद्यालयों को केंद्र बनाने के बजाय शहर के डिग्री कालेजों व विश्वविद्यालयों को केंद्र बनाया जा सकता है। नकल के लिए बदनाम कई जिलों के केंद्रों पर खासतौर पर नजर है उत्तर प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा 28 नवंबर को दो पालियों में आयोजित की गई थी। उस दिन पेपर लीक होने की वजह से परीक्षा रद करनी पड़ी थी। पहले कहा गया था कि दिसम्‍बर में ही दोबारा परीक्षा कराई जाएगी लेकिन अब बताया जा रहा है कि जनवरी के पहले या दूसरे हफ्ते में परीक्षा कराई जा सकेगी। परीक्षा संस्था से जुड़े लोगों का मानना है कि जनवरी के दूसरे सप्ताह के बाद ही परीक्षा हो सकती है।

 परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर सघन चेकिंग की व्यवस्था कराएं : जिला जज

अलीगढ़ में 10 दिसंबर को होने वाली समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी, कंप्यूटर असिस्टेंट, अपर निजी सचिव पदों की परीक्षा की तैयारी को लेकर जिला जज डा. बब्बू सारंग की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिला जज ने परीक्षा को पवित्रता व शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर सघन चेकिंग कराने की व्यवस्था की जाए।बैठक में बताया गया कि परीक्षा उच्च न्यायालय के आदेश पर नामित एजेंसी द्वारा आयोजित कराई जा रही है। यह परीक्षा आनलाइन होगी। प्रथम पाली सुबह नौ बजे से 12:35 बजे तक और द्वितीय पाली अपराह्न तीन से 6:35 बजे तक होगी। प्रथम पाली में परीक्षार्थी सुबह सात से साढ़े आठ बजे तक केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। इसी प्रकार से दूसरी पाली में परीक्षार्थी केंद्र में एक बजे से प्रवेश पा सकेंगे। दोपहर ढाई बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से जिला कृषि रक्षा अधिकारी अमित जायसवाल को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया है। इसी प्रकार से पुलिस विभाग की तरफ से सीओ द्वितीय मोहसिन खान को सुरक्षा व्यवस्था व फ्लाइंग स्कार्ट के रूप में नामित किया गया है। बैठक में अपर जिला जज प्रथम शाहिद रजा, डीएम सेल्वा कुमारी जे, एसएसपी कलानिधि नैथानी, एसपी सिटी, सीओ सिटी व चिकावटी के परीक्षा केंद्र द्रोण इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

Don`t copy text!