403 विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्षों की बैठक में,अखिलेश यादव द्वारा संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई।

आशिष सिंह संवाददाता की रिपोर्ट एसएम न्यूज़24टाइम्स लखनऊ उत्तर प्रदेश

कल समाजवादी पार्टी मुख्यालय, लखनऊ के डॉ0 राम मनोहर लोहिया सभागार में आज पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों एवं 403 विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्षों की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव द्वारा संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई। सन् 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी तथा बूथ कमेटी की सक्रियता के बारे में भी चर्चा की गई।


समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव ने आज सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा चुनाव की निष्पक्षता को प्रभावित करने की साजिशों से सावधान किया। श्री यादव ने कहा कि भाजपा का चरित्र अलोकतांत्रिक है और सत्ता की भूख में वह किसी भी स्तर पर जा सकती है। पंचायत के चुनावों में उसका आचरण तानाशाही का रहा है। भाजपा ने उसमें महिलाओं का चीरहरण जैसा जघन्य काम किया।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा है। भाजपा ने अपने शासनकाल में एक भी जनहित का काम नहीं किया। समाज का हर वर्ग आक्रोशित है। लोग अब भाजपा सरकार को और ज्यादा बर्दाश्त करने को तैयार नहीं है। वे भाजपा से छुटकारा पाना चाहते है। समाजवादी पार्टी ने जनहित के जितने काम किए उससे सभी प्रभावित है और वे उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार चाहते हैं।
श्री अखिलेश यादव ने याद दिलाया कि समाजवादी सरकार में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की शुरुआत हुई, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बना, बुन्देलखंड में राहत की कई योजनाएं चलाई, लखनऊ में मेट्रो चली, अंतर्राष्ट्रीय स्तर का इकाना स्टेडियम बनाया, सरयू-राप्ती योजना का 80 प्रतिशत कार्य समाजवादी सरकार में हो चुका था। इसे पूरा कराने में भाजपा ने 5 साल लगा दिए। भाजपा की आदत केवल उद्घाटन का उद्घाटन और शिलान्यास का शिलान्यास करने की है। समाजवादी सरकार के समय ही जगदीशपुर से हल्दिया तक गैस पाइप लाइन बिछा दी गई थी तभी फर्टिलाइजर कारखाना गोरखपुर में चल पाया। एम्स की जमीन भी समाजवादी सरकार ने दी थी।

श्री यादव ने कहा कि दुनिया में मूलतः दो तरह के लोग होते हैं कुछ वो जो सच में काम करते हैं और कुछ वो जो दूसरों का काम अपने नाम करते हैं। सपा की काम करने वाली सरकार में और आज की ‘कैंचीजीवी‘ सरकार में ये फर्क साफ हैं। इसीलिए बाइस के चुनाव में भाजपा पूरी तरह साफ होने वाली है। जो संकेत है भाजपा विकास के मुद्दे पर चुनाव नहीं लड़ेगी क्योंकि उसकी स्लेट इस मामले में साफ है। भाजपा की तैयारी षडयंत्र से भरी हुई है। इसलिए बूथ स्तर तक सतर्कता बरतनी चाहिए।

श्री यादव ने कहा कि समाजवादियों की ऐतिहासिक जिम्मेदारी संविधान को बचाने की है। समाजवादियों और अम्बेडकरवादियों को अब इसमें अपनी ऐतिहासिक जिम्मेदारी का निर्वहन करना है। यह चुनाव देश को बचाने का है। जनहित के विकास कार्यों के लिए समाजवादी पार्टी की प्रतिबद्धता है। जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी तभी प्रदेश में खुशहाली आएगी। भाजपा की इस बार ऐतिहासिक हार होगी।

बैठक के अंत में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत सहित सभी शहीदों के परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी गई। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि श्री रावत का शौर्यपूर्ण जीवन था। देश अपने अमर जवानों को सदैव याद करेगा। सभी ने दो मिनट मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शान्ति के लिए प्रार्थना की।

आशिष सिंह संवाददाता की रिपोर्ट एसएम न्यूज़24टाइम्स लखनऊ उत्तर प्रदेश

Don`t copy text!