यूक्रेनियों के दिलों में चेचेन सैनिकों का ख़ौफ़, क्या पुतिन की युद्ध रणनीति है?

समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ 9889789714

हज़ारों चेचेन सैनिकों ने यूक्रेन के दक्षिण में मोर्चा संभाल लिया है। युद्ध से पहले ही जंगलों में नमाज़ पढ़ते हुए चेचेन सैनिकों की तस्वीरें और वीडियो फ़ुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। चेचेन कमांडोज़ ने अपने नेता रमज़ान कादिरोव से कीएव पर निंयत्रण करने का वादा किया है। रूसी टीवी चैनलों ने इन तस्वीरों को प्रसारित किया है, जिसे यूक्रेन के ख़िलाफ़ मनोवैज्ञानिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लग रहा है। मास्को चेचेन लड़ाकों को हथियारों से लैस कर रहा है और किएव को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर कर रहा है।

रूसी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, चेचेन नेता रमज़ान क़ादिरोव ने 10,000 से 70,000 चेचेन सैनिकों को स्वयंसेवकों के रूप में रूसी सेना को मज़बूती प्रदान करने के लिए यूक्रेन की ओर प्रस्थान का आदेश दिया है। ऐसा अनुमान है कि इस संख्या को बढ़ा चढ़ाकर पेश किया गया है, लेकिन इसमें कोई शक नहीं है कि चेचेन सैनिकों की एक टुकड़ी यूक्रेन पहुंच चुकी है। पत्रकार नील हाउर की रिपोर्ट के मुताबिक़, चेचेन सैनिकों को किएव के पश्चिम में स्थित एंटोनोव एयरपोर्ट के निकट उतारा है।

ऐसी तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं, जिसमें चेचेन सैनिक हॉस्टोमेल शहर के निकट चेचेन्याई झंडा लहरा रहे हैं। बड़े पैमाने पर इस तरह की तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।

रूसी सेना और चेचेन अलगाववादियों के बीच 1990 के दशक से 2009 तक ख़ूनी संघर्ष हुआ था। लेकिन वर्तमान चेचेन नेता क़ादिरोव को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन का समर्थक और वफ़ादार माना जाता है। पुतिन द्वारा अपनी लड़ाईयों में चेचेन लड़ाकों के बार-बार इस्तेमाल से उनकी डरावनी छवि को बल मिला है। ओटावा यूनिवर्सिटी के प्रोफ़ेसर और रूसी मामलों के जानकार जीन-फ्रांस्वा रैटेल का कहना है कि यह कोई अचानक उठाया जाने वाला क़दम नहीं है।

उन्होंने कहा कि यह विचार कि चेचेन विशेष रूप से उग्र और निर्दयी हैं, एक सावधानीपूर्वक सुनियोजित प्रोपैगंडा है। रैटेल कहते हैं कि अगर युद्ध जारी रहता है, और कीव शहरी युद्ध में उतरते हैं, तो चीज़ें बदल सकती हैं। चेचेनियों को विरोधियों का मुक़ाबला करने में बेहद क्रूर माना जाता है, और वे लड़ाई में अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का सम्मान नहीं करते हैं। उनका कहना था कि सभी चेचेन, रूसी नेता के समर्थन में नहीं हैं। हालिया दिनों में पूर्वी यूक्रेन में चेचेनियों ने अपने विरोधी दूसरे चेचेंस के ख़िलाफ़ लड़ाई लड़ी है। क़ादिरोव और पुतिन ने अपने विरोधी चेचेन विद्रोहियों का सीरिया और डोनेट्स्क और अब यूक्रेन के बाक़ी हिस्सों में पीछा किया है।

Don`t copy text!