21 जून को पूरी भव्यता के साथ मनाया जाएगा योग दिवस
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ 9889789714
जिला विकास अधिकारी भरत कुमार मिश्र की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार 21 जून को 8वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में सफल आयोजन के सम्बन्ध में बैठक आहुत की गयी। उन्होंने बताया कि देश के चिन्हित 75 जनपदों को प्रधानमंत्री द्वारा सम्बोधित किया जाएगा, जिसमें अलीगढ़ जनपद भी शामिल है। उन्होंने विभागवार लक्ष्यों का आवंटन करते हुए निर्देश दिये कि 21 जून को प्रातः 5ः30 बजे से सम्बन्धित अधिकारी एवं कर्मचारी स्वयं उपस्थित रहकर स्टेडियम में आसन ग्रहण कराएंगे। प्रातः 6ः00 बजे से 6ः40 बजे तक मा. केन्द्रीय कैबिनेट मंत्रियों द्वारा स्वागत सम्बोधन एवं 6ः40 बजे से 7 बजे तक मा0 प्रधानमंत्री द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को सम्बोधित किया जाएगा जिसका सजीव प्रसारण एलईडी के माध्यम से किया जाएगा। प्रातः 7ः00 बजे से 7ः40 बजे तक योगाभ्यास के उपरान्त राष्ट्रगान कर कार्यक्रम समापन किया जाएगा। श्री मिश्र ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस जनपद के जनप्रतिनिधिगण, जिला प्रशासन के समस्त अधिकारी, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, स्वास्थ्य विभाग से आशा, एएनएम एवं अन्य कर्मचारीगण, शिक्षकगण, एनसीसी, स्काउट एवं एनएसएस के छात्र-छात्राएं समेत पंतजलि परिवार के वालिटियर्स एवं आमजन प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने जनता से अपील करते हुये कहा है कि योग दिवस में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस कार्यक्रम को सफल बनाते हुए योग के गुण सीखें और सेहतमंद रहें। स्टेडियम में आने वाले व्यक्तियों के वाहन पार्किंग की व्यवस्था विकास भवन, क्वार्सी कृषि फार्म एवं पं. दीनदयाल चिकित्सालय में की गयी है। डीडीओ ने बताया कि 21 जून को जनपद में वृहद स्तर पर योग के भव्य कार्यक्रम आयोजन के सम्बन्ध में पूर्व में ही डीपीआरओ, डीआईओएस एवं सीएमओ के माध्यम से सभी ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों, होम्योपैथिक, मेडिकल कॉलेज एवं अन्य चिकित्सालयों में योग दिवस का आयोजन भव्य रूप में आयोजित करने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनसामान्य से अपील करते हुए कहा कि योग करते हुए अपने फोटो आयुष कवच एप पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें। बैठक में डीपीआरओ धनजंय जायसवाल, एडीआईओएस मनोरमा ठाकुर, जिला पीटीआई सुशील कुमार शर्मा, मेडिकल आफिसर डा. दुर्वेन्द्र सिंह, असिस्टेंट कमिश्नर कॉपरेटिव कृष्ण कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी शहर अनिल दत्तात्रेय, नीरज शर्मा एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

