किडनी मरीजों को आज से मिलेगी मुफ्त डायलिसिस की सुविधा जिला अस्पताल में चार मरीजों की पहले दिन की जाएगी डायलिसिस
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489
बाराबंकी। जिला अस्पताल में किडनी की बीमारी से परेशान मरीजों को मुफ्त डायलिसिस की सुविधा गुरुवार से मिलना शुरू हो जाएगी। मरीजों को यह सौगात बाराबंकी व अयोध्या सांसद संयुक्त रूप से डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ कर देंगे। इसकी सभी तैयारियां कार्यदायी संस्था ईएसकेएजी संजीवनी के कर्मचारियों ने पूरी कर ली है। जिला अस्पताल प्रशासन ने इस सुविधा को अस्पताल के लिए बड़ा कदम बताया है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि सरकार ने अस्पताल को डायलिसिस यूनिट की बड़ी सौगात दी है। यह सुविधा किडनी मरीजों के लिए लाभप्रद है। इसका शुभारंभ गुरुवार को सांसद उपेंद्र रावत व अयोध्या सांसद लल्लू सिंह द्वारा किया जाना है। चार मरीजों को डायलिसिस के लिए बुलाया गया है। यूनिट के लोकार्पण के तुरंत बाद ही मरीजों की डायलिसिस भी की जाएगी। जिला अस्पताल में डिजिटल एक्सरे के निकट डायलिसिस यूनिट तैयार हो चुकी है। सीनियर डायलिसिस टेक्नीशिएन धूप सिंह ने बताया कि छह मशीनों की यूनिट तैयार हो चुकी है। इसमें पांच मशीनें सीरो निगेटिव व और एक मशीन सीरो पॉजीटिव डायलिसिस की है। एक साथ छरू मरीजों की डायलिसिस की सुविधा होगी। यूनिट का संचालन सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक होगा। इसके संचालन के लिए टेक्नीशिएन कृष्ण कुमार, आरती यादव व धूप सिंह की तैनाती की गई है। मरीजों की संख्या बढ़ने पर कर्मचारियों की और नियुक्त का दावा कंपनी के कर्मचारियों ने किया। यूनिट में मरीजों के लिए वेटिंग एरिया, स्टाफ रूम, एसी वार्ड, आरओ प्लांट आदि सुविधाएं भी है। डायलिसिस यूनिट को पीपीपी मॉडल पर संचालित किया जा रहा है। कंपनी ने छह मशीनों की यूनिट का ओएमआर साइन किया था। करीब एक माह पूर्व कंपनी द्वारा दो मशीनों को लगाकर सीएमएस को यूनिट हैंडओवर कर शुरू कराने को कहा था। सीएमएस डॉ. बृजेश कुमार ने गाइडलाइन के तहत सभी छह मशीनों के लगने के बाद ही यूनिट शुरू कराने को लेकर शासन को पत्र लिखा था। कंपनी द्वारा की जा रही लापरवाही पर स्वास्थ्य महानिदेशक ने फटकार लगाते हुए छह मशीनों को स्थापित कराने के आदेश दिए थे। सीएमएस के सख्त रुख के चलते ही यूनिट पूरी हुई और गुरुवार को इसका शुभारंभ होगा।
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489

