देर शाम टहलने निकले दरोगा को युवक ने पीटा, वर्दी फाड़ी
मुकीम अहमद अंसारी, जिला ब्यूरो चीफ, बदायूं 9719216984
बदायूं। सिरफिरे युवक ने शनिवार देर शाम टहलने निकले दरोगा पर हमला कर दिया। हमले में दरोगा को चोट आ गई। वहीं वर्दी भी फट गई। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस टीम आरोपी को पकड़कर कोतवाली ले आई। यहां देर रात तक उससे पूछताछ की जा रही।
पुलिस लाइन में तैनात दरोगा अवधेश पाराशर शहर में लावेला चौक के पास स्थित एक धर्मशाला में रहते हैं। देर शाम वह ड्यूटी करके धर्मशाला आए और आसपास टहलने लगे। इसी दौरान वहां एक सिरफिरा आ धमका और अचानक दरोगा पर हमलावर हो गया। बताया जाता है कि सिरफिरे ने दरोगा को जमीन पर पटककर पीटना शुरू कर दिया। घटनाक्रम देख आसपास के लोग वहां पहुंचे और दरोगा को बचाया। वहीं मामले की जानकारी पर कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर आ पहुंची और आरोपी को धर लिया। बाद में उसे कोतवाली ले जाया गया। वहीं दरोगा को पुलिस ने अलग भेज दिया।
बताया जाता है कि युवक दिन में जिला अस्पताल में तैनात होमगार्ड से जा भिड़ा। हालांकि उस वक्त भी राहगीरों ने बीचबचाव करवा दिया। चर्चा है कि युवक खाकी पर बौखला रहा है। फिलहाल पुलिस उसे मेडिकल को ले गई है। ताकि सही स्थिति पता लग सके। एसएसआई कोतवाली आकाश कुमार ने बताया कि युवक फिलहाल मानसिक तौर पर बीमार लग रहा है। अफसरों को सूचना दे दी गई है। उनके निर्देश पर आगे की कार्रवाई होगी।
मुकीम अहमद अंसारी, जिला ब्यूरो चीफ, बदायूं 9719216984

