लापता किशोर का शव थाना जरीफनगर क्षेत्र मे मिला, हत्यारों ने लूट के बाद दी हत्याकांड की वारदात को अंजाम। जांच मे जुटी पुलिस
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984
सहसवान। थाना जरीफनगर क्षेत्र मे एक दिन पहले घर से ई-रिक्शा लेकर निकले 17 साल के हिमांशु सागर का सोमवार शाम जरीफनगर थाना क्षेत्र में शव पड़ा मिला। उसकी गर्दन पर रस्सी का निशान है। हालांकि ई-रिक्शा समेत उसका मोबाइल फोन मौके पर नहीं मिला है। शव की शिनाख्त उसके पिता ने फोटो देखकर की। ई-रिक्शा लूट के बाद उसकी गला दबाकर हत्या के शक के बीच पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हिमांशु पुत्र नत्थू सिंह उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बुर्रा फरीदपुर का निवासी था। नत्थू ने बताया कि हिमांशु रविवार सुबह करीब नौ बजे ई-रिक्शा लेकर निकला। हालांकि ई-रिक्शा उसका पिता ही ज्यादा चलाता था, लेकिन वह घर से यह कहकर निकला था कि मोबाइल फोन भी रीचार्ज कराना है। इसके बाद शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। सोमवार सुबह परिवार के लोग प्रधान रंधावा यादव के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। शाम करीब पांच बजे जरीफनगर थाना क्षेत्र में बदायूं-मेरठ हाईवे से जुड़े रदनौल-अजीजपुर रोड किनारे के खेत मालिक दांदरा निवासी रामरहीस के बटाईदार शांतिस्वरूप ने शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक मृतक की गर्दन पर रस्सी का निशान मिला है। वह बनियान और नेकर पहने था, लेकिन परिवार के लोगों ने बताया कि हिमांशु घर से पेंट-शर्ट पहनकर निकला था। सूचना के बाद हिमांशु के पिता और परिवार के लोगों को साथ लेकर मौके पर पहुंचे उझानी प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव की शिनाख्त हो चुकी है। मृतक का ई-रिक्शा और मोबाइल फोन नहीं मिला है। परिजनों ने ई-रिक्शा लूटने के बाद हिमांशु की हत्या कर शव फेंक देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उसके मोबाइल फोन की दो दिन की लोकेशन हासिल करने के लिए जरीफनगर पुलिस ने सर्विलांस टीम से सहयोग मांगा है। इधर किशोर की हत्या की खबर सुनकर परिजनों मे कोहराम मचा हुआ है।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

