ट्रक ने बाइक सवार महिला को रौंदा, महिला की मौके पर ही मौंत बाल बाल बचा मासूम।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बदायूं 9719216984
बदायूं। एमएफ हाइवे पर बेकाबू ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार महिला की रविवार देर रात मौत हो गई। जबकि बाइक चालक समेत मासूम बच्चा इस हादसे में बाल-बाल बचे हैं। महिला दवा लेने बदायूं आई थी और यहां से वापस अपने घर लौटते वक्त यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। हादसा अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा सखानू के पास हुआ। हजरतपुर इलाके के गांव बमिनी भमोरा निवासी सोनी (30) पत्नी रिंकू अपने भतीजे रमन सक्सेना व 2 साल के बच्चे के साथ बाइक से दवा लेने बदायूं आई थी। यहां से तीनों वापस देर रात अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में सखानू के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। बताया जाता है कि टक्कर लगने के बाद बाइक का पिछला हिस्सा ट्रक के नीचे आ गया और सोनी गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं रमन समेत सोनी का 2 साल का बेटा घायल हुए।
परिजनों ने बताया कि सोनी का पति रिंकू दिल्ली में रहकर सिलाई का काम करता है। पिछले दिनों ही वह दिल्ली गया था। जबकि सोनी को हल्का बुखार था और इसी की दवा लेने में बदायूं आई थी। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों की सूचना पर पति भी दिल्ली से बदायूं रवाना हो गया है। हादसे को अंजाम देकर ड्राइवर मय ट्रक के मौके से भाग निकला। बताया जाता है कि ट्रक में लकड़ी भरी हुई थी। इधर घटनास्थल से ही पुलिस ट्रक के पीछे लग गई।ट्रक को पुलिस ने सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सिलहरी गांव के पास से पकड़ लिया। घटनास्थल से लेकर ट्रक पकड़ने के स्थान की दूरी तकरीबन 20 किलोमीटर है। एसएचओ अलापुर संजीव शुक्ला ने बताया कि ड्राइवर व ट्रक को टीम थाने ला रही है।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बदायूं 9719216984

