ककराला बबाल का एक और आरोपी युवक पुलिस के हत्थे चढ़ा, पूर्व विधायक के बेटे व अमजद अभी पुलिस की पकड़ से दूर, तलाश जारी
मुकीम अहमद अंसारी
बदायूं। ककराला बवाल का एक और आरोपी मंगलवार को पकड़ा गया। इससे गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 38 हो गई। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी अमन पुत्र राहत अली को जेल भेज दिया है।
अलापुर थाना पुलिस ने एक दिन पहले ककराला बवाल के आरोपियों की तलाश में घर-घर दबिश दी थी। इस दौरान अनस नाम का आरोपी पकड़ा गया था। उसी तरह पुलिस ने मंगलवार को भी ककराला कस्बा और आसपास के इलाके में अभियान चलाया। इससे पुलिस को एक और सफलता मिल गई। अमन पुत्र राहत अली नाम का आरोपी बदायूं ककराला रोड पर अमरूद के बाग के पास पकड़ा गया।इस मामले में पुलिस ने 28 नामजद और 300 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी जिसमें अब तक 36 लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका था। सोमवार से चले अभियान में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है। बताया जा रहा है कि यह गिरफ्तार आरोपी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़े गए थे। थाना पुलिस अब भी सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है जिससे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो सके।
इस मामले में पुलिस ने प्रमुख साजिशकर्ता के तौर पर पूर्व में डोडा तस्करी में जेल जा चुके नजमुल और उसके चचेरे भाई अमजद को नामजद किया था। इसके अलावा बाद में पूर्व विधायक मुस्लिम खां के तीन बेटों व एक भांजे को भी वांछितों की सूची में शामिल किया था। हालांकि नजमुल अपनी गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट से स्टे ले चुका है लेकिन अमजद और पूर्व विधायक के बेटों व भांजे को अब तक पुलिस तलाश नहीं कर सकी है।
*मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बदायूं 9719216984*

