रामसनेहीघाट-बाराबंकी। स्थानीय गायत्री शक्तिपीठ पर आयोजित गायत्री शक्तिपीठ प्राण प्रतिष्ठा एवं 24 कुंडीय नवचेतना जागरण गायत्री महायज्ञ के तहत शुक्रवार की सुबह भव्य कलश एवं सद्गुरु सदग्रंथ शोभा यात्रा का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने जहां सिर पर कलश धारण कर इस महायज्ञ में अपनी भागीदारी की वहीं गायत्री परिजनों ने सिर पर सदग्रंथ रखकर गुरु ज्ञान की अलख जगाई। कार्यक्रम में खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने भी भागीदारी करते हुए कार्यक्रम की सफलता हेतु हर संभव मदद का आष्वासन दिया। भिटरिया स्थित छोटी हनुमानगढ़ी से शुरू हुई कलश यात्रा सुमेरगंज भिटरिया तहसील होते हुए गायत्री शक्तिपीठ पर पहुंची, इस बीच आओ आओ सुहागन नारि कलश सिर धारण करो एवं सुमधुर प्रज्ञा गीतों ने लोगों को आकर्षित किया। इसी तरह हम सुधरेंगे युग सुधरेगा, हम बदलेंगे युग बदलेगा, नशा नाश की जड़ है भाई,इसका अंत बहुत दुखदाई जैसे गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया। इस आयोजन में स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस ने भी पूरा सहयोग किया। कलश यात्रा के समापन पर प्रदेश के राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की नगरी अयोध्या के प्रवेश द्वार पर नवनिर्मित गायत्री शक्तिपीठ क्षेत्र में सांस्कृतिक एवं सुधारवादी गतिविधियों को गति प्रदान करेगी। इस शक्तिपीठ के बन जाने के बाद गायत्री परिवार द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का लाभ क्षेत्रीय लोगों को मिलेगा साथ ही यज्ञ, संस्कार एवं अन्य कार्यक्रमों के जरिए गायत्री परिवार इस देश की संस्कृति एवं सभ्यता को पुनर्स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगा। सायंकालीन बेला में आयोजित प्रवचन कार्यक्रम की शुरुआत जौनपुर मण्डल के पूर्व डाक अधीक्षक प्रभाकर त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलन के साथ की। शांतिकुंज हरिद्वार से पधारी टोली के नायक ओइंद्र सिंह ने गायत्री शक्ति के संबंध में लोगों को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा की गायत्री सिर्फ एक मंत्र नहीं बल्कि यह ईश्वर की उस स्फुरणा शक्ति का नाम है जिससे इस सृष्टि का सृृजन हुआ। उन्होंने कहा कि ईश्वर की इच्छा शक्ति ने इतने बड़े ब्रह्मांड की संरचना की और आज जो कुछ भी चेतन और अचेतन स्थिति में है वह सब गायत्री शक्ति के ही बल पर है। उन्होंने उपस्थित गायत्री परिजनों के साथ ही सभी लोगों से अपील की कि वह प्रतिदिन गायत्री मंत्र का जप अवश्य करें इससे न केवल उनके जीवन में आध्यात्मिक विकास होगा बल्कि शरीर की तमाम बीमारियों का भी खात्मा होगा। इस अवसर पर टोली में आए सरोज पांडेय एवं दिनेश मारवदे ने संगीत के माध्यम से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इससे पूर्व गायत्री परिजनों द्वारा टोली में आए वरिष्ठ परिजनों का रोली चंदन एवं पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
नेवाज अंसारी संवाददाता एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)7268941211

