हेड कांस्टेबल व उसकी सिपाही पत्नी पर दर्ज मामले की इंस्पेक्टर क्राइम करेंगे विवेचना
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बदायूं 9719216984
बदायूं। शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म और ठगी के मामले में यूपी 112 के निलंबित हेड कांस्टेबल और उसकी सिपाही पत्नी पर दर्ज मामले की विवेचना सिविल लाइंस थाने के इंस्पेक्टर क्राइम को सौंपी गई है। इंस्पेक्टर क्राइम ने पीड़िता के बयान दर्ज करते हुए विवेचना शुरू कर दी है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने निलंबित हेड कांस्टेबल पन्नालाल पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और उसकी सिपाही पत्नी उषा पर जान से मारने की धमकी देने की एफआईआर सिविल लाइंस थाने में तीन दिन पहले दर्ज कराई गई थी।
महिला ने दो महीने पहले पुलिस अधिकारियों के यहां शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि तीन साल पहले सदर कोतवाली में तैनाती के दौरान हेड कांस्टेबल ने उसके साथ दुष्कर्म किया था और उसके साथी ने वीडियो बनाई थी। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर हेड कांस्टेबल उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। महिला ने सात लाख रुपये ठगने का भी आरोप लगाया। बताया कि हेड कांस्टेबल की सिपाही पत्नी भी उसे जान से मारने की धमकी दे रही है। पुलिस ने हेड कांस्टेबल और उसकी पत्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आरोपी हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया।
अब मामले की विवेचना सिविल लाइंस थाने के इंस्पेक्टर क्राइम देवेंद्र यादव को सौंपी गई है। एसएचओ सिविल लाइंस गौरव विश्नोई ने बताया कि मामले की विवेचना इंस्पेक्टर क्राइम कर रहे हैं। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए हैं। इसके अलावा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बदायूं 9719216984

