दहेज लोभियों की भेंट चढ़ी एक और विवाहिता,पति समेत चार लोगों के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर,
मुकीम अहमद अंसारी
बदायूं। अलापुर थाना क्षेत्र के गांव संजरपुर में दहेज की खातिर विवाहिता की हत्या कर उसका शव फंदे से लटका दिया गया। घटना की सूचना पर मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। मृतका के पिता ने पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है।
मूसाझाग क्षेत्र के गांव घिलौर निवासी रामवीर ने 22 वर्षीय पुत्री रिंकी की शादी तीन साल पहले अलापुर थाना क्षेत्र के गांव संजरपुर निवासी धर्मवीर उर्फ नन्हे पुत्र कन्हई के साथ की थी। रामवीर का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके ससुरालीजन शादी में दिए दहेज से खुश नहीं थे। इस वजह से वह आए दिन दहेज की मांग करते थे। जब उनकी बेटी इसका विरोध करती थी तो उसके साथ मारपीट की जाती थी।
दहेज को लेकर कई बार आपस में समझौता भी हो चुका था लेकिन आरोपी बार बार दहेज की मांग करते थे। दहेज की मांग के चलते रविवार सुबह रिंकी के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद उसका शव फंदे से लटका दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर रामवीर परिजनों के साथ जब अपनी बेटी के घर पहुंचे तो उनकी बेटी का शव आंगन में पड़ा था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तब तक आरोपी भाग गए।
पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर मृतका के पति धर्मवीर उर्फ नन्हे, जेठ अरविंद, सास नन्ही और जेठानी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। इस संबंध में एसएचओ हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उनको गिरफ्तार किया जाएगा।
*मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बदायूं 9719216984*

