चौकी प्रभारी की पिटाई मामले में पूर्व ब्लाक प्रमुख को भेजा जेल आरोपियों की संपति होगी कुर्क, खंगाला जा रहा आपराधिक इतिहास
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद में पुलिस ने सिपहिया गांव के ग्राम प्रधान, ग्राम प्रधान के भाई और पूर्व ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। बता दें कि इन पर बीते रविवार को देवा कोतवाली के माती चौकी प्रभारी की पिटाई का आरोप है। हालांकि बाराबंकी पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है। पुलिस इस मामले में आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि इन आरोपियों का आपराधिक इतिहास है। इन्होंने राजस्व अभिलेखों में दर्ज तालाब, खाद गड्ढा व नवीन परती की भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है। आरोपियों के खिलाफ पहले से ही देवा कोतवाली में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इन लोगों द्वारा गिरोह बनाकर आपराधिक गतिविधियां की गई हैं। इनके विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर संपत्ति कुर्क किए जाने की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि दो दिन पहले रविवार को देवा कोतवाली के सिपहिया गांव के ग्राम प्रधान जलील अहमद व उनके बेटे फैसल के बीच शादी को लेकर कहासुनी हो रही थी। पिता की फटकार पर फैसल देवा-चिनहट मार्ग की ओर भागा। युवक अचानक उधर से गुजर रहे देवा कोतवाली के माती चौकी इंचार्ज शशिकांत सिंह की कार के सामने आ गया। चौकी इंचार्ज ने तेजी से ब्रेक लगते हुए युवक से नाराजगी जताई। इस तरह से न करने की सलाह दी, तो फैसल अभद्रता करने लगा। चौकी इंचार्ज व उसके बीच हाथापाई होने लगी। इसी दौरान मौके पर फैसल के पिता ग्राम प्रधान जलील अहमद, चाचा पूर्व ब्लॉक प्रमुख जमील अहमद, जलील अहमद के पुत्र अनस, आजम व समर्थक आलम व सतीश पहुंव गए। इन लोगों ने चौकी इंचार्ज को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। काफी देर तक ये लोग चौकी इंचार्ज को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटते रहे। इसी दौरान किसी राहगीर ने इसकी सूचना देवा पुलिस को दी तो कोतवाल पंकज कुमार सिंह समेत कोतवाली का पूरा पुलिस बल सिपहिया पहुंच गया। पुलिस को आता देख सभी हमलावर भाग गए। लेकिन पुलिस ने आरोपियों के घरों की घेराबंदी कर ली। कुछ लोग खेतों की ओर भागे तो पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख व प्रधान गांव को भी पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने इस मामले में चौकी इंचार्ज की तहरीर पर सभी के खिलाफ हत्या का प्रयास, बलवा, मारपीट, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने च एससी-एसटी का केस दर्ज कर सातों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489

