निकाय चुनाव में हर तरफ खिलेगा कमल: भूपेन्द्र चौधरी भाजपा संगठन ने संभाली चुनाव की कमान, कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500

बाराबंकी। निकाय चुनाव में नामांकन के साथ ही भाजपा संगठन ने चुनाव की कमान अपने हाथों में ले ली है। प्रत्याशी के लिए जहां ज्यादा से ज्यादा जनसमर्थन जुटाने का निर्णय लिया गया है, वहीं बूथ स्तर पर पन्ना प्रमुख और बूथ प्रभारी सहित मंडल की टीमें चुनाव की रणनीति को धार देने में जुट गईं हैं। नगर निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी रणनीति चार से पांच माह पहले ही बना ली थी। कार्यकर्ता और पदाधिकारी निष्क्रिय होकर घरों पर न बैठ जाएं, इसके लिए निरंतर बूथ सशक्तिकरण अभियान चलाए गए। बूथ की कमेटी और पन्ना प्रमुखों को एक-एक घर में वोटर की पहचान के साथ ही विपरीत विचारधारा वाले मतदाओं को चिह्नित कर उन्हें पार्टी के पक्ष में करने की मुहिम चलाई गई। यह सफल भी होती दिख रही है। बुधवार को नगर निकाय चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी बाराबंकी पहुंचे। उन्होंने पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रभारी मंत्री, विधायकों, जिलाध्यक्ष, पदाधिकारियों व निकाय चुनाव से जुडे़ पार्टी नेताओं के साथ नगर पालिका के सभागार में बैठक की। इस दोरान प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में पार्टी का रिकार्ड बहुत अच्छा रहा है। इस बार के निकाय चुनाव में हर तरफ कमल खिलेगा। सपा, बसपा और कांग्रेस लड़ाई से कोसों दूर है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बल पर भाजपा का संगठनात्मक ढांचा बूथ स्तर तक मजबूत हुआ है। भाजपा अपने संकल्प पत्र को पूरा करने में जुटी है। पहले अनुच्छेद 370 समाप्त किया, फिर श्रीराम मंदिर निर्माण शुरू कराया, अब माफिया राज को खत्म किया जा रहा है। तमाम जनकल्याणकारी योजनाएं भी अमल में लाई जा रही हैं। इसके सकारात्मक नतीजे दिख रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संगठित रहें, कमल को अपना प्रत्याशी मानें। यही एक दल है जहां छोटे से छोटा कार्यकर्ता भी बड़े से बड़ा पद प्राप्त कर सकता है। इस अवसर परें प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री एवं जिला प्रभारी जितिन प्रसाद, प्रभारी मंत्री अर्चना मिश्रा, राज्यमंत्री सतीश चन्द्र शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष शशांक कुशुमेश, सांसद उपेन्द्र सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, नगर पालिका प्रत्याशी शशी श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष सिंह, विधायक दिनेश रावत, विधायक साकेन्द्र वर्मा सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभासद प्रत्याशी भी प्रचार में जुटे

नगर पालिका प्रत्याशी शशी श्रीवास्तव जिस वार्ड में जनसंपर्क करने जा रही हैं, वहां के सभासद प्रत्याशी भी उनके साथ रह रहे हैं। इसका फायदा यह हो रहा है कि पार्टी के अध्यक्ष और सभासद प्रत्याशी को जहां अलग-अलग प्रचार नहीं करना पड़ रहा है, वहीं दोनों प्रत्याशियों से जनता एक साथ रूबरू हो रही है।

बड़े नेताओं की होंगी सभाएं
नगर पालिका परिषद सहित अन्य नगर पंचायतों में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में पार्टी के बड़े नेताओं की भी सभा होंगी। पार्टी ने ब्राह्मण, ठाकुर, वैश्य और अन्य जातियों को लुभाने के लिए बड़े नेताओं की सभाओं की डिमांड नेतृत्व के समक्ष रखी है। इनमें पहली पसंद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। इसके साथ ही कई मंत्रियों की मांग भी की जा रही है। चुनाव की कमान जिले के प्रभारी मंत्री अर्चना मिश्रा संभाले हुए हैं।

असंतुष्टों को मना रहे भाजपा नेता
चाहे अध्यक्ष पद पर प्रत्याशी के चयन का मुद्दा हो या फिर वार्डों में उम्मीदवारों की अदला-बदली का घमासान, भाजपा के लिए बीते कुछ दिन सबसे मुश्किलों भरा वक्त रहा। सड़कों पर उतरकर बखेड़ा करने वाले कार्यकर्ताओं की मान-मनौव्वल के लिए दिग्गजों को हस्तक्षेप करना पड़ा। यही नहीं संगठन के पदाधिकारियों पर सभासद पदों के टिकटों को बेचने के भी आरोप-प्रत्यारोप लगे। पार्टी के कई पुराने महारथी भी टिकट वितरण में उपेक्षा से खिन्न दिखे। प्रत्याशियों के चयन में जिस तरह तमाशा हुआ, उससे संगठन की अपरिपक्वता भी सामने आई। लेकिन संगठन ने इन असंतुष्टों कार्यकर्ताओं को समझाकर बैठाने के पूरा प्रयास किया। जिसमें वह कामयाब भी हो रहे है।

पार्टी पूरी दमदारी के साथ प्रत्याशी को चुनाव लड़ा रही है। पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रचार और जनसंपर्क में जुटे हुए हैं। सभासद प्रत्याशी भी अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क कर रहे हैं। जिले में सभी नगर निकाय में कमल खिलेगा।

-भूपेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा

Don`t copy text!