भाजपा दोहराएगी इतिहास या सपा की बढ़ेगी ताकत आखिरी दिन प्रत्याशियों ने प्रचार में झोंकी ताकत
बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500
बाराबंकी। नगर निकाय चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों के प्रत्याशियों ने वोटरों को लुभाने में पूरी ताकत झोंकी। भाजपा ने 2017 का इतिहास दोहराने में पूरी ताकत लगाई है। वहीं सपा, बसपा, कांग्रेस और आप ने भाजपा का रिकॉर्ड तोड़कर अपनी लाज बचाने की हर संभव कोशिश की है। नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर भाजपा और सपा के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है, वहीं कई नगर पंचायतों पार्टी प्रत्याशियों पर निर्दल उम्मीदवार हावी होते नज़र आ रहे है। कुछ जगहों पर मुकाबल त्रिकोणीय बना हुआ है। कुल मिलाकर बृहस्पतिवार को होने वाले मतदान में मतदाता किसे अपनी कसौटी पर परखेगा, यह बात अभी भविष्य के गर्भ में है। बहरहाल, मंगलवार को भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा, आप सहित अन्य निर्दल प्रत्याशियों ने नगर पालिका और नगर पंचायत चेयरमैन प्रत्याशियों ने रैलियां निकाली। वहीं सभासद प्रत्याशियों ने भी मोहल्ले व गलियों की खाक छानी। चुनाव प्रचार का शोर थमने के बाद अब प्रत्याशी वोट लेने की गणित बिठाने में जुट गए हैं। भाजपा ने निकाय चुनाव में सभी 13 नगर निकाय में जीत के साथ 60 प्रतिशत तक वोट हासिल करने का लक्ष्य रखा है। लिहाजा भाजपा के सामने सभी सीटों पर जीत के साथ जीत का अंतर बढ़ाने की भी चुनौती है। निकाय चुनाव को लोकसभा चुनाव का पूर्वाभ्यास मानने के चलते नगरीय चुनाव में सपा, बसपा के सामने बड़ी चुनौती देखने को मिल रही है। चुनाव के नतीजे भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस की चुनावी रणनीति के साथ जातीय आधार भी बताएंगे। बताते चलें कि नगर पालिका परिषद नवाबगंज को भाजपा का गढ़ माना जाता है। लगातार दो बार यानि एक दशक से नगर पालिका चुनाव में कमल खिला था। भाजपा ने निर्वतमान चेयरमैन शशि श्रीवास्तव पर भरोसा जताते हुए एक बार फिर नगर पालिका परिषद का प्रत्याशी बनाया है। वहीं, सपा ने प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार की सदस्य और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शीला सिंह वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। शीला सिंह वर्मा जिले के मुस्लिम और यादव वोट बैंक के साथ कुर्मी वोट बैंक को जोड़कर भाजपा के सामने चुनौती खड़ी कर सकती है। बसपा ने श्वेता वर्मा को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने नगर अध्यक्ष राजेन्द्र फोटोवाला की पत्नी सुमन कान्ति वर्मा पर दांव लगाया है। नगर में भाजपा के परंपरागत वोट बैंक ब्राह्मण, ठाकुर, वैश्य, कायस्थ के साथ दलित वर्ग के पासी, कोरी के मतदाताओं की बड़ी संख्या हैं। ऐसा माना जा रहा है कि बसपा और कांग्रेस को जितने कुर्मी वोट मिलेंगे, सपा को उतना ही नुकसान होगा। इसके बावजूद सपा प्रत्याशी शीला सिंह वर्मा ने चुनाव प्रचार में पूरा जोर लगाकर मुकाबले को जीत के करीब बनाने की कोशिश की है। बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500

