संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम राकेश पटेल व एसपी देहात अजय प्रताप ने लोगों की शिकायतें सुनी

आई एम खान संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बिसौली- बदायूं 8273974747

बिसौली। सम्पूर्ण समाधान दिवस में एडीएम राकेश पटेल व एसपी देहात अजय प्रताप ने लोगों की शिकायतें सुनीं। एडीएम ने गैरहाजिर पांच अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। ग्राम पंचायत नागपुर नूरपुर की प्रधान चंद्रवती देवी ने विकलांग आवास योजना में 12 पात्र आवेदकों को बेवजह अपात्र घोषित किए जाने की शिकायत की। गांव अहमदगंज निवासी अवनेश ने खड़ंजे पर कब्जे की शिकायत करने पर सहायक चकबंदी अधिकारी व लेखपाल द्वारा प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। गदगांव निवासी रजनीश की शिकायत थी कि उसको आवंटित अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की दुकान में सामान रखने वाला व्यापारी उसे खाली नहीं कर रहा है। ग्राम मलखानपुर निवासी शिशुपाल ने केजीबी निजामुद्दीनपुर शाह के फील्ड आफीसर पर केसीसी के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। नगर के रामबाग मोहल्ला निवासी हरीशचन्द्र ने गांव पिंदारा स्थित आराजी भूमि के चक को दबंगों द्वारा अपने खेत में मिलाने की शिकायत की। काशीराम कालोनी निवासी सम्मो ने विधवा पेंशन फिर से चालू कराने की मांग की। गांव बसौमी निवासी सालिगराम ने पीएम आवास योजना में ग्राम प्रधान द्वारा दस हजार रुपए की रिश्वत मांगने और न देने पर दूसरी किस्त रुकवाने की शिकायत की। ग्राम सर्वा के वाशिंदों ने गांव के बाहर लगे लोनिवि के कोलतार प्लांट से दिक्कत होने व उसे हटवाने की गुहार लगाई। इस दौरान एडीएम राकेश पटेल, एसपी देहात अजय प्रताप, एसडीएम विजय मिश्रा, तहसीलदार अशोक सैनी, कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला, धनंजय पांडे, ईओ ज्ञानेन्द्र सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे। एडीएम ने गैरहाजिर लोनिवि के एई, सीएचसी प्रभारी बिसौली, सीडीपीओ इस्लामनगर, एडीओ वजीरगंज, एडीओ इस्लामनगर व किसी भी समाधान दिवस में न आने वाले एसडीओ विद्युत मनीष यादव से स्पष्टीकरण मांगा है।

आई एम खान संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बिसौली- बदायूं 8273974747

Don`t copy text!