एसडीएम की वायरल कथित व्हाट्सएप चैट व खनन माफिया की वीडियो चर्चा का विषय बनी
आई एम खान संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बिसौली- बदायूं 8273974747
बिसौली। जहां एक ओर एसडीएम विजय कुमार मिश्र की वायरल कथित व्हाट्सएप चैट व खनन माफिया की वीडियो चर्चा का विषय बनी हुई है वहीं उपजिलाधिकारी श्री मिश्र इसे खनन माफियाओं व एक कथित पत्रकार द्वारा रचित षडयंत्र बता रहे हैं। पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसडीएम ने उक्त व्हाट्सएप चैट व वीडियो को फर्जी बताया है। उपजिलाधिकारी श्री मिश्र के मुताबिक उन्होंने सहसवान तहसील में पूर्व कार्यकाल के दौरान खनन माफियाओं पर शिकंजा कसा था। इस दौरान उनके द्वारा कई खनन माफियाओं के ओवरलोडेड ट्रकों पर भी कार्रवाई की गई। श्री मिश्र ने कहा कि लगभग दो माह पूर्व पोस्टिंग के बाद उन्होंने बिसौली में भी खनन माफियाओं पर कार्रवाई जारी रखी। बस यहीं से वे माफियाओं की नजर में चढ़ गए। एसडीएम के मुताबिक एक कथित पत्रकार ने तीन दिन पहले उनसे माफियाओं के 15 ट्रकों पर कार्रवाई न करने व एक अन्य मामले में मुकदमा वापस लेने की सिफारिश करने का कुत्सित प्रयास किया। उनके साफ मना करने के बाद उक्त कथित पत्रकार और खनन माफियाओं ने मिलकर षड्यंत्र रचा और फर्जी व्हाट्सएप चैट व कथित वीडियो वायरल कर दिया। व्हाट्सएप चैट के बारे में उन्होंने कहा कि उक्त चैट न तो उनकी ओर से की गई है और न ही उनका चैट से कोई सरोकार है। वहीं वायरल वीडियो भी उनके खिलाफ षडयंत्र के तहत फर्जी रूप से बनाया गया साफ प्रतीत हो रहा है। श्री मिश्र के मुताबिक उन्होंने उच्चाधिकारियों को उक्त सम्बंध में सारी जानकारी दे दी है। जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
आई एम खान संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बिसौली- बदायूं 8273974747

