नगर में मोहर्रम का पर्व परंपरागत तरीके से मनाया गया

मुकीम अहमद अंसारी

बिसौली। नगर में मोहर्रम का पर्व परम्परागत तरीके से मनाया गया। विभिन्न स्थानों से सजे हुए ताजिए व मेंहदी के साथ जुलूस निकाला गया। मौलानाओं ने करबला के शहीदों खासकर पैगम्बर मोहम्मद साहब के नवासे हजरत इमाम हुसैन की शहादत को लेकर तकरीरें कीं। इधर मोहर्रम की नौ तारीख पर देर रात शिया समुदाय ने मातमी जुलूस निकाला। नगर के मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में हर जगह या हुसैन की सदाएं गूंज रही थीं। वहीं शिया समुदाय द्वारा अलम के साथ निकाले गए मातमी जुलूस में शामिल अंजुमनों ने सीनाजनी की। जगह-जगह हुसैन की याद में शिया मौलाना ने तकरीर की और कहां हुसैन ने इंसानियत को बचाया। कर्बला वालों की शहादत का वाकया सुनकर अजादार रो पड़े। देर शाम मातमी माहौल में ताजियों को करबला में दफन कर दिया गया। इस दौरान कोतवाली पुलिस की व्यवस्था चाक चौबंद नजर आई। एसडीएम कल्पना जायसवाल, बीडीओ मुनव्वर खान, कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला ने नगर में घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

*आई एम खान संवाददाता (एसएम न्युज 24 टाइम्स) बिसौली- बदायूं 8273974747*

Don`t copy text!