दातागंज में चाकू से गोदकर युवक की हत्या, पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज 24 टाइम्स) बदायूं 9719216984
बदायूं। दातागंज क्षेत्र में बुधवार रात गांव डहरपुर और बिहारीपुर के बीच तीन अज्ञात बदमाशों ने 20 वर्षीय युवक अभिषेक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। अभिषेक हजरतपुर से घर लौट रहा था। पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। अभी यह पता नहीं चला है कि हत्या किसने और क्यों की। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अभिषेक पुत्र महेश कुमार शर्मा मूलरूप से कोतवाली क्षेत्र के गांव बिहारीपुर का रहने वाला था। वह हजरतपुर में अपने मौसा उमेश के यहां वेल्डिंग की दुकान पर काम करता था। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे अभिषेक पड़ोसी दुकानदार प्रमोद की बाइक से डहरपुर तक आया। यहां से बिहारीपुर गांव करीब एक किलोमीटर दूर है।
डहरपुर से अभिषेक पैदल ही अपने घर को चल दिया। तभी रास्ते में तीन अज्ञात बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। उस पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने शोर मचाया तो हमलावर बदमाश मौके से भाग गए। कुछ देर बाद खेतों से लौट रहे लोगों ने युवक को खून से लथपथ पड़ा देखा, तो कोतवाली पुलिस और उसके परिवार वालों को सूचना दी, जिससे वह मौके पर पहुंच गए।उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज ले जाया गया, जहां से उसे बरेली रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक युवक भी हमलावरों को नहीं जानता था। उसके मोबाइल में कुछ चैटिंग मिली है, जिसके आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने परिवार वालों की ओर से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।जिस दौरान युवक पर हमला हुआ था। उस वक्त नजदीक में ही ट्यूबवेल पर ही कुछ लोग मोबाइल लेकर बैठे थे। वह मोबाइल में वीडियो देख रहे थे लेकिन युवक की चीख-पुकार सुनने के बावजूद उसके नजदीक कोई नहीं आया। उन लोगों ने युवक को बचाने की कोशिश नहीं की।
बुधवार रात युवक की हत्या के बाद युवक के भाई की पुलिस से नोकझोंक हो गई। बताया जा रहा है कि युवक दिन में शव का पोस्टमार्टम कराना चाहता था लेकिन पुलिस उसी समय शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने लगी। इससे दोनों में नोकझोंक हो गई। उसी दौरान किसी ने अफवाह फैला दी कि पुलिस युवक के भाई के साथ मारपीट कर रही है। बाद में पुलिस युवक का शव ले आई लेकिन रात में परिवार से कोई सदस्य नहीं आया। बाद में परिवार वाले पहुंचे।
एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव बिहारीपुर के युवक पर बुधवार रात कुछ अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। एफआईआर दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज 24 टाइम्स) बदायूं 9719216984

