पुलिस अधीक्षक ने लिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़ने वाले पुलिस बूथों का जायजा
अवधेश कुमार वर्मा संवाददाता बाराबंकी
मसौली बाराबंकी। पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने रविवार को सफदरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़ने वाले पुलिस बूथों का जायजा लेते हुए साफ सफाई के साथ साथ रंग रोगन कराने के निर्देश दिये।

बताते चले कि आगामी 22 जनवरी को अयोध्या मे होने वाले राम मन्दिर उद्धाटन मे जाने वाले वीवीआईपी के मद्देनजर व्यवस्था को चौक चौबंद बनाने के लिए रविवार को पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने निरीक्षण किया।
सफदरगंज चौराहे पर बने पुलिस पिकेट व हाईवे पर साफ सफाई व्यवस्था का का जायजा लिया। साथ ही क्षेत्र में हाईवे पर स्थित सभी प्रेट्रोल पम्प व प्रतिष्ठानों को सौन्दर्यीकरण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क के किनारे पड़े कूड़े को हटवाने के निर्देश दिए। कहा कि हाईवे की पटरी पर कहीं भी बिल्डिंग मैटेरियल बालू , मोरंग, गिट्टी आदि न रखने दिया जाए। जहां अतिक्रमण हो उसे तत्काल हटवाया जाए। अनाधिकृत होर्डिंग, फ्लेक्स बोर्ड एवं अस्थाई निर्माण भी तत्काल हटाए जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया है कि सड़क के किनारे कोई भी गाड़ी पार्क न होने दी जाए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर सुमित त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

