पुलिस ने पशु चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, दो आरोपियों को किया गिरफ्तार पुलिस ने उनके कब्जे से पशु चोरी में प्रयुक्त वाहन, पशु बिक्री की धनराशि बरामद की
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान, बदायूं। कोतवाली पुलिस ने पशु चोर गिरोह के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से पशु चोरी में प्रयुक्त वाहन और पशु बिक्री की 47 हजार 800 रुपए की धनराशि भी बरामद की। आरोपितों ने गिरोह के तीन अन्य सदस्यों के नाम भी पुलिस को बताए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पकड़े गए आरोपितों को जेल भेज दिया और अन्य आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि नौ दिसंबर को क्षेत्र के गांव कौल्हार से ओमपाल की पशुशाला से पांच पशु और 30 दिसंबर को गांव अलैहदादपुर भूड़ से भुवनेश की पशुशाला से चार भैंसें चोरी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी। मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे उप निरीक्षक सुनील कुमार, आरक्षी दीपक कुमार, रमन अत्री, देवेन्द्र कुमार, अर्जुन बालियान के साथ अनंदीपुर के पास लिप्टिस की बगिया से दो लोगों को बोलेरो केंपर गाड़ी समेत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों ने अपने नाम आस मोहम्मद निवासी मुहल्ला जमुना और ज़ुबैर निवासी मुहल्ला नई बस्ती थाना गुन्नौर जनपद संभल बताए। आरोपितों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है। जो पशु चोरी कर बेचने का काम करता है। उन्होंने गिरोह में शामिल अपने साथी इमरान, छोटे निवासी गांव हथरा और भानु निवासी गांव मनुआ थाना वजीरगंज के नाम भी पुलिस को बताए। आरोपितों के पास से पशु बिक्री की 47 हजार 800 रुपए की रकम भी बरामद हुई। आरोपितों ने बताया कि वह सड़क किनारे अथवा गांव की बाहरी दिशा में बंधे पशुओं को चोरी करके बेचते हैं। पुलिस ने आरोपितों को जेल भेजने के साथ ही अन्य की तलाश शुरू कर दी है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

