भारी-भरकम लोडर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरा सड़क धंसी और बड़ा हादसा होने से टला
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान,बदायूं।सहसवान नगर में एक भारी-भरकम लोडर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले में जा गिरा। यह घटना नगर के व्यस्ततम शाहबाजपुर चौराहे से गोपालगंज जाने वाले मुख्य मार्ग पर हुई। हादसे में सड़क और नाला बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोडर ट्राला अपने गंतव्य की ओर जा रहा था तभी अचानक अनियंत्रित हो गया और नाले को तोड़ता हुआ उसमें धंस गया। लोडर के अत्यधिक वजन के कारण कई मीटर तक पक्का नाला और सड़क का किनारा पूरी तरह ध्वस्त हो गया। वाहन के अनियंत्रित होने और अधिक भार के कारण सड़क किनारे की मिट्टी धंस गई।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोडर को निकालने और मार्ग बहाल करने के लिए हाइड्रा क्रेन (ACE) को बुलाया गया है। सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंसने के कारण इस मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित हुआ है।स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़क और नाले की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

