फर्जी लूट का खुलासा, माइक्रो फाइनेंस कंपनी के मैनेजर व रिकवरी एजेंट गिरफ्तार 1.15 लाख रुपये बरामद।
मुकीम अहमद अंसारी
बदायूं। पुलिस ने मुजरिया थाना क्षेत्र में हुए लूट का खुलासा करते हुए फर्जी लूट की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया माइक्रो फाइनेंस कंपनी के मैनेजर और रिकवरी एजेंट को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लाख पंद्रह हजार पांच सौ बीस रुपये भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों ने रिकवरी के पैसे हड़पने के लिए लूट की झूठी कहानी रचकर पुलिस को गुमराह किया था।
दरअसल 10 मार्च रिकवरी एजेंट अभिनय मिश्रा तहरीर देकर बताया था कि ग्राम कोल्हाई और सराय मंशुख के रास्ते पर अज्ञात बदमाशों ने उससे एक लाख चालीस हजार छह सौ चालीस रुपये लूट लिए हैं। इस सूचना पर पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस को मामला संदिग्ध लगा जिसके बाद गहन पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई सामने आ गई। पुलिस के मुताबिक माइक्रो फाइनेंस कंपनी शिखर अर्बन एंड रूरल एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड की सहसवान शाखा के प्रबंधक विपिन और रिकवरी एजेंट अभिनय मिश्रा ने आपसी मिलीभगत से रिकवरी के पैसे हड़पने के लिए फर्जी लूट की कहानी गढ़ी थी।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुल एक लाख चालीस हजार छह सौ चालीस रुपये में से पच्चीस हजार पांच सौ दस रुपये ऑनलाइन कंपनी के खाते में जमा कर दिए गए थे, जबकि एक लाख पंद्रह हजार पांच सौ बीस रुपये नकद गमछे में बांधकर घटनास्थल के पास झाड़ियों में छिपा दिए गए थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छिपाई गई रकम बरामद कर ली और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

