उपजिलाधिकारी के आदेश पर सहसवान का सेवा हॉस्पिटल सील, पंजीकरण न दिखाने पर हुई बड़ी कार्रवाई।

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान, बदायूं। नगर के हरदत्तपुर रोड स्थित सेवा हॉस्पिटल के खिलाफ तहसील प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मिलकर बड़ी कार्रवाई की है। उपजिलाधिकारी सहसवान के सीधे निर्देश और नेतृत्व में मंगलवार को इस अस्पताल को पूरी तरह सील कर दिया गया। इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया है और कई संचालक अपने-अपने अस्पतालों पर ताला लगाकर मौके से खिसक गए हैं।

 

पूरे मामले की शुरुआत बीते सोमवार, 25 मई 2026 को हुई थी, जब प्रशासनिक टीम ने हरदत्तपुर रोड स्थित सेवा हॉस्पिटल के संचालक हर्ष यादव के चिकित्सीय प्रतिष्ठान को एक नोटिस जारी किया था। इस नोटिस के जरिए संचालक को अस्पताल के वैध पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) के दस्तावेज कार्यालय उपजिलाधिकारी सहसवान में जमा कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद, मंगलवार 26 मई 2026 को अस्पताल संचालक हर्ष यादव उपजिलाधिकारी सहसवान के समक्ष उपस्थित हुए, लेकिन वे चिकित्सालय के पंजीकरण की वैध प्रति प्रस्तुत करने में पूरी तरह असमर्थ रहे।

 

संचालक द्वारा पंजीकरण न दिखाए जाने को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी ने तत्काल अस्पताल को सील करने का आदेश जारी कर दिया। इस निर्देश के अनुपालन में नायब तहसीलदार मोहित कुमार और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान के एमओआईसी डॉ. प्रशांत त्यागी, कृष्ण बल्लभ चतुर्वेदी व सैय्यद अशफाक हुसैन की उपस्थिति में टीम ने मौके पर पहुंचकर सेवा हॉस्पिटल की सीलिंग की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की। इस बड़ी कार्रवाई की खबर फैलते ही नगर के अन्य अवैध क्लीनिक और अस्पताल संचालक कानूनी कार्रवाई के डर से अपने संस्थानों पर ताला जड़कर फरार हो गए हैं। तहसील प्रशासन ने कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।

 

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!