तालाब पाटकर की जा रही अवैध प्लॉटिंग से जलभराव का खतरा, एसडीएम के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान, बदायूं। नगर के मोहल्ला शहबाजपुर (कटरा )के मोहल्लेवासियों ने तकिया कब्रिस्तान के पीछे तालाब पाटकर की जा रही प्लॉटिंग से गंदे पानी के निकास की समस्या को लेकर उपजिलाधिकारी सहसवान के नाम तहसीलदार राकेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में मोहल्लेवासियों ने बताया कि तकिया कब्रिस्तान के पीछे पहले एक तालाब था जिसमें मोहल्ला शहबाजपुर की लगभग आधी आबादी के घरों का गंदा पानी एकत्र होता था। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा तालाब को बिना किसी अनुमति के पाटकर अवैध रूप से प्लॉटिंग की जा रही है। जिससे गंदे पानी का प्राकृतिक निकास पूरी तरह प्रभावित हो गया है। इसके चलते गंदा पानी सड़कों पर जमा होने लगा है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि इस समय बरसात का मौसम चल रहा है। यदि गंदे पानी के निकास की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में जलभराव की स्थिति और गंभीर हो जाएगी तथा गंदा पानी लोगों के घरों में प्रवेश करने लगेगा। इससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा और संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ जाएगा।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि नगर पालिका परिषद द्वारा अवैध कॉलोनियों एवं प्लॉटिंग पर रोक लगाने के बावजूद तालाबों को पाटकर प्लॉटिंग कार्यवादस्तूर जारी है जिससे क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है।
मोहल्लेवासियों ने स्पष्ट किया प्लाटिंग बिना किसी नक्शे के पास कराए नियम विरुद्ध की जा रही है है। पहले गंदे पानी की निकासी की समुचित एवं स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए ताकि भविष्य में क्षेत्रवासियों को जलभराव जैसी समस्या का सामना न करना पड़े।
मोहल्लेवासियों ने एसडीएम सहसवान से मांग की कि गंदे पानी के निकास की स्थायी व्यवस्था होने तक संबंधित प्लॉटिंग पर आवश्यक कार्रवाई कर तालाब को पाटे जाने से रोका जाए। तहसीलदार राकेश कुमार ने एसडीएम के नाम संबोधित ज्ञापन लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस मौके पर वासिफ हुसैन, सभासद सभासद नासिर अली,हाफिज नदीम, विकार हुसैन, तनवीर, मुजीब सलमानी, शरीफ अहमद, नफीस अहमद, जफर खान, नाजिम, फकीर मोहम्मद, सहित अन्य मोहल्लेवासी उपस्थित रहे।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

