सुकुर्रा घाट हादसा: तीसरे दिन भी नहीं मिला गंगा में डूबे युवक का शव, जारी है सर्च ऑपरेशन
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान, बदायूं। सुकुर्रा घाट पर गंगा में डूबे युवक का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका है। मंगलवार सुबह से ही पुलिस, SDRF और स्थानीय गोताखोरों की टीम मोटर बोट की मदद से लगातार तलाशी अभियान चला रही है, लेकिन अभी तक शव बरामद नहीं हो सका है।
बता दें कि रविवार दोपहर थाना क्षेत्र के गांव सलावतपुर निवासी बृजेश गंगा स्नान करने सुकुर्रा घाट पर गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया था। घाट पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली थी।
सूचना पर सहसवान सीओ अशोक कुमार सिंह व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश पाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे और स्थानीय गोताखोरों से तलाश शुरू कराई थी। रविवार देर शाम और सोमवार पूरे दिन चले अभियान में भी युवक का पता नहीं चल सका था।
आज तीसरे दिन मंगलवार को फिर से सुबह से ही कई किलोमीटर के दायरे में मोटर बोट से गंगा में सघन तलाशी की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक युवक का शव बरामद नहीं हो सका है।
घाट पर तीसरे दिन भी ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

