594 ग्राम हेरोइन के साथ मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, जैदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अवधेश कुमार वर्मा संवाददाता बाराबंकी
बाराबंकी। थाना जैदपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 594 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को थाना जैदपुर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आयुष यादव पुत्र उमेश कुमार, निवासी ग्राम परसोला, थाना जैदपुर, जनपद बाराबंकी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लगभग 594 ग्राम हेरोइन बरामद होने की बात पुलिस ने बताई है।
बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना जैदपुर में मुकदमा अपराध संख्या 232/2026 दर्ज किया है। मामले में धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध महत्वपूर्ण कार्रवाई मानी जा रही है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

