नगर पंचायत बोर्ड बैठक न होने से अटके विकास कार्य, सभासदों ने अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
अवधेश कुमार वर्मा संवाददाता बाराबंकी
रामसनेहीघाट, बाराबंकी। नगर पंचायत में लंबे समय से बोर्ड बैठक न होने से विकास कार्य ठप पड़े हैं। जरूरी फैसले न हो पाने से जनता से जुड़ी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। इससे नाराज सभासदों ने नगर अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर जल्द बोर्ड बैठक बुलाने की मांग की है। सभासदों का कहना है कि बैठक न होने से जनहित के कार्यों में बाधा आ रही है।
सभासदों ने ज्ञापन में कहा कि नगर पंचायत अधिनियम के तहत तय समय पर बोर्ड बैठक होना अनिवार्य है, लेकिन महीनों से बैठक नहीं बुलाई गई है। इससे कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव लटके हुए हैं। सभासद सत्यम गुप्ता, संजय कुमार, माया गुप्ता सहित अन्य सभासदों ने बताया कि बोर्ड बैठक ही वह मंच है जहां शहर की समस्याओं पर खुलकर चर्चा होती है और समाधान का रास्ता निकलता है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि अगली बोर्ड बैठक का एजेंडा स्पष्ट हो। इसमें शहर की साफ-सफाई व्यवस्था, जर्जर सड़कों व नालियों की मरम्मत और नए निर्माण, स्ट्रीट लाइट व बिजली व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति की समस्या और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट शामिल की जाए। सभासदों का तर्क है कि इन मुद्दों पर समय से चर्चा और निर्णय होने से रुके हुए कामों में तेजी आएगी और जनता को राहत मिलेगी।
सभासदों ने नगर अध्यक्ष से अनुरोध किया है कि जल्द से जल्द बोर्ड की बैठक आहूत की जाए ताकि नियमानुसार विकास कार्यों पर चर्चा कर जरूरी फैसले लिए जा सकें। उनका मानना है कि बोर्ड बैठक से जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जा सकेगा और उनके निस्तारण के लिए ठोस कदम उठाए जा सकेंगे।
सभासदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बैठक नहीं बुलाई गई तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे। ज्ञापन देने वालों में सत्यम गुप्ता, संजय कुमार, माया गुप्ता समेत नगर पंचायत के अन्य सभासद मौजूद रहे।

