रामगोपाल यादव और आलोक रंजन के बाद तीसरे प्रत्याशी को लेकर मंथन, पूर्व सांसद सलीम इकबाल शेरवानी का नाम चर्चा में
लखनऊ/ बदायूं। उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू होते ही सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी तीन प्रत्याशी मैदान में उतारने की तैयारी में है। संभावित उम्मीदवारों में प्रो. रामगोपाल यादव और पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन के नामों के साथ पूर्व सांसद सलीम इकबाल शेरवानी का नाम तीसरे प्रत्याशी के तौर पर चर्चा में आया है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार सपा विधायक दल की बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर उम्मीदवारों के नामों पर मंथन हुआ। पहले दो नामों पर सहमति की खबरों के बीच तीसरे प्रत्याशी को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। ऐसे में शेरवानी का नाम फिलहाल संभावित दावेदार के रूप में ही सामने आया है।
पांच बार रहे सांसद, केंद्र में भी संभाली जिम्मेदारी
सलीम इकबाल शेरवानी बदायूं लोकसभा क्षेत्र से पांच बार सांसद रह चुके हैं और केंद्र सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। फरवरी 2024 में उन्होंने समाजवादी पार्टी के महासचिव पद से इस्तीफा दिया था। उस समय उन्होंने राज्यसभा चुनाव में मुस्लिम प्रतिनिधित्व को लेकर अपनी असहमति सार्वजनिक की थी।
अब राज्यसभा चुनाव में तीसरे प्रत्याशी के नाम को लेकर चल रहे मंथन के बीच उनका नाम दोबारा चर्चा में है। हालांकि सपा की ओर से अभी तक तीनों उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
16 अक्टूबर को मतदान
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 सितंबर से 6 अक्टूबर तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 16 अक्टूबर को प्रस्तावित है।
फिलहाल सियासी निगाहें सपा की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं। नामांकन दाखिल होने के बाद ही साफ होगा कि तीसरे प्रत्याशी के तौर पर शेरवानी मैदान में उतरते हैं या पार्टी किसी अन्य नाम पर मुहर लगाती है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

