लखनऊ ,आरोपी मास्टर पर 25 हजार का इनाम घोषित, लखीमपुर कांड के दौरान पुलिस जीप में लगाई थी आग –
आशिष सिंह संवाददाता की रिपोर्ट एसएम न्यूज़24टाइम्स लखनऊ उत्तर प्रदेश
लखनऊ ,यूपी के लखीमपुर खीरी में हिंसा में 8 लोगों के मारे जाने की खबर के बाद सियासत शुरू हो गई थी। अगल-अलग जिलों में विरोध-प्रदर्शन होने लगे थे। विपक्षी दलों के नेता लखीमपुर खीरी पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन पुलिस उन्हें जाने नहीं दे रही थी। इस बीच प्रदर्शनकारियों ने लखनऊ में गौतमपल्ली थाने के बाहर पुलिस जीप को आग के हवाले कर दिया था। थाने के सामने जीप धूं-धूं कर जल उठी थी। इस घटना में कमिश्नरेट पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ 25 हज़ार का इनाम घोषित किया है। बता दें इस घटना में पुलिस ने अनिल यादव उर्फ मास्टर को आरोपी बनाते हुए गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
अखिलेश यादव को पुलिस ने किया था गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में हुई हिंसा के बाद उत्तर प्रदेश सरकार विपक्ष के निशाने पर थी। देर रात से ही विपक्षी नेता लखीमपुर खीरी पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन पुलिस उन्हें पहुंचने नहीं दे रही थी। वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी घटनास्थल पर जाने की जिद पर अड़े थे उन्हें भी पुलिस ने रोक लिया था जिसके बाद अखिलेश अपने आवास के बाहर ही समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए थे। भीड़ उग्र होती देख अखिलेश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। उनके साथ रामगोपाल यादव और कई सपा कार्यकर्ता को गिरफ्तार कर इको गार्डेन ले गयी थी पूरे दिन इस घमासान के बाद शाम करीब 4 बजे उन्हें छोड़ा गया था।
ये था मामला
बता दें कि बीते 3 अक्टूबर को लखीमपुर खीरी में आंदोलनकारी किसानों और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई थी। जिसमे 8 लोगों की मौत हुई थी। 4 किसान, 2 भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, 1 ड्राइवर और एक पत्रकार शामिल थे। किसानों की ओर से आरोप लगाया गया था, कि केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे ने किसानों को रौंद दिया। सीधे किसानों के ऊपर कार चढ़ाई। जिससे किसानों की मौत हुई है। इसके बाद भीड़ उग्र हो गई। भीड़ ने तोड़फोड़ और आगजनी की। मामले के बाद कई वीडियो भी सामने आई जिसमे किसानों के ऊपर जीप चढ़ाते हुए नजर आए।
आशिष सिंह संवाददाता की रिपोर्ट एसएम न्यूज़24टाइम्स लखनऊ उत्तर प्रदेश