बदायूं। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर पिकअप की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। दोनों नवरात्र में रात्रि कालीन कीर्तन करके अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। वहीं घायल का बरेली के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसा वजीरगंज थाना क्षेत्र में कस्बा के बीच हुआ। बिल्सी थाना क्षेत्र के रिसौली गांव निवासी मुन्नालाल (55) रात्रि कालीन कीर्तन के कार्यक्रम करते थे। शुक्रवार रात वह वजीरगंज इलाके के गांव कनगांव निवासी एक व्यक्ति के यहां कीर्तन करने गए थे। साथ में जहानाबाद गांव के भरत शर्मा भी थे। कीर्तन के बाद दोनों सुबह बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।
दोनों बाइक से वजीरगंज कस्बा तक आ गए। इसी दौरान हाईवे पर पीछे से आ रहे पिकअप वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि ड्राइवर मय वाहन के वहां से भाग निकला। घायलों को अस्पताल लाया गया, यहां डॉक्टर ने मुन्नालाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि भरत का इलाज शुरू कर दिया गया।
जिला अस्पताल के इलाज से भरत शर्मा की हालत में सुधार नहीं आया और स्थिति लगातार बिगड़ने लगी। इसी बीच पुलिस की सूचना पर उनके परिजन भी अस्पताल जा पहुंचे। यहां से भरत को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इधर, एसओ वजीरगंज अवधेश सेंगर ने जानकारी देते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा लिखा जाएगा।
*रिपोर्ट-मुकीम अहमद अंसारी*

