हाईटेंशन लाइन बनी टेंशन, ककराला मे दो लोगों की मौंत को लेकर शुरू हुई जांच।

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24टाइम्स) सहसवान - बदायूं 9719216984

बदायूं। ककराला में जुगाड़ से चल रही हाईटेंशन लाइन टूटने से दो लोगों की मौत के मामले में विद्युत सुरक्षा निदेशालय के सहायक निदेशक स्तर के अधिकारी ने जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के 48 घंटे के भीतर विद्युत सुरक्षा निदेशालय को रिपोर्ट भेजी जानी है और इसके बाद सात दिन के भीतर मुआवजा दिए जाने का प्रावधान है। मामले में पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई तय मानी जा रही है।

रविवार को ककराला निवासी कैशर अली (60) और शाकिर अली (55) की एचटी लाइन टूटने से मौत के बाद जब काफी हंगामा हुआ तो मामला विद्युत सुरक्षा निदेशालय तक पहुंच गया। ऐसे में विद्युत वितरण खंड तृतीय की ओर से इस संबंध में प्राथमिक सूचना निदेशालय को दी गई। पावर कॉरपोरेशन के दस कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई। इसी क्रम में सोमवार को विद्युत सुरक्षा निदेशालय के सहायक निदेशक स्तर के अधिकारी ने मामले में जांच शुरू कर दी। जांच टीम में संबंधित एसडीओ और जेई को भी शामिल किया गया है। मंगलवार शाम तक मामले में जांच रिपोर्ट निदेशालय को दी जानी है। इसके बाद लापरवाह कर्मचारियों और अधिकारियों पर कार्रवाई के साथ मृतकों के आश्रितों को मुआवजा दिए जाने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
विद्युत दुर्घटना के मामले में पावर कॉरपोरेशन के अधिकारी ज्यादातर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी न किसी तरह से बचा देते हैं, लेकिन ताजा मामला तूल पकड़ चुका है। ऐसे में अगर लापरवाही सामने आती है तो एसडीओ, जेई, लाइनमैन पर भी कार्रवाई हो सकती है। मुआवजे की राशि भी उनके वेतन से वसूल की जाएगी। एक्सईएन तृतीय खंड शैलेश कुमार का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।  मामले में सहायक निदेशक स्तर के अधिकारी जांच करेंगे। नियमानुसार दुर्घटना घटित होने के संबंध में सूचना 24 घंटे के भीतर और दुर्घटना संबंधी विस्तृत जानकारी 48 घंटे के भीतर निर्धारित लिखित प्रारूप पर निदेशालय को दी जानी चाहिए। विद्युत दुर्घटना में जान माल का नुकसान होने की दशा में मानवीय आधार पर मुआवजा देने का प्रावधान है। इस मामले में भी जांच के बाद मानवीय आधार पर कार्रवाई की जाएगी।मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24टाइम्स) सहसवान – बदायूं 9719216984

 

Don`t copy text!