वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने जमकर किया हंगामा, पुलिस ने लाठीचार्ज कर कार्यकर्ताओं को खदेडा,
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बदायूं 9719216984
पुलिस ने 16 गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को लिया अपनी हिरासत मे।

बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने (आज) गुरुवार दोपहर प्रदर्शन के दौरान गाली गलौज, धक्का-मुक्की करने पर पुलिस ने भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं पर लाठी भांजी और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसमें 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। शहर के एक संविलियन विद्यालय के प्रधानाध्यापक के खिलाफ दर्ज मामले में भीम आर्मी के कार्यकर्ता प्रदर्शन करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि लखनऊ की एक अनुसूचित जाति की शिक्षिका ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था। इस मामले में आरोपित शिक्षक को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर भीम आर्मी के कार्यकर्ता कई दिन से लगातार आपत्तिजनक ट्वीट कर रहे थे। ट्वीट करने के दौरान जातिसूचक शब्दों और एसएसपी कार्यालय में ताला डालने की धमकी तक दी गई। कार्यकर्ताओं ने ऐलान किया था कि गुरुवार को प्रदर्शन के दौरान एसएसपी कार्यालय में तालाबंदी करेंगे। इसी के चलते वहां भारी संख्या में पुलिस बल लगा दिया गया। दोपहर के समय 50-60 कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए मुख्य डाकघर के सामने पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने मौके पर गाली गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। जिससे पुलिस ने भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं पर लाठी भांजना शुरू कर दी। इससे कार्यकर्ताओं में भगदड़ मच गई, पुलिस ने भी उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पुलिस ने करीब 16 कार्यकर्ताओं को पकड लिया। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि भीम आर्मी के कार्यकर्ता लगातार ट्विटर पर धमकी दे रहे थे। प्रदर्शन के दौरान गाली गलौज और धक्का-मुक्की की गई। जिससे कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सख्त रुख अपनाया गया। इस कार्रवाई में 16 लोग गिरफ्तार किए गए हैं, बाकी अन्य अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बदायूं 9719216984

